ऐसे होगी गोरखपुर के गन्ने की सुरक्षा, खेत से दूर भगेंगे जानवर
Last Updated:
pipraich sugar mill news: जिला गन्ना अधिकारी ‘जगदीश यादव’ के अनुसार, 30 हेक्टेयर क्षेत्र में….
गन्ना किसान जो अपनी फसल को आवारा पशुओं से बचाना चाहते हैं,
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश में अन्ना पशु और जानवरों से किसान त्रस्त रहते हैं. सरकार भी अब तक इसका कोई ठोस हल नहीं निकाल पाई है. हालांकि, इसके समाधान के लिए तमाम उपाय किए जाते रहते हैं. अब गन्ना किसानों को अन्ना जानवरों से बचाने के लिए एक चीनी मिल आगे आई है. गोरखपुर में किसानों के गन्ने की फसल को आवारा पशुओं से बचाने और गन्ने की खेती को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य चीनी निगम लिमिटेड की पिपराइच चीनी मिल ने किसानों के लिए विशेष योजना लागू की है. इस योजना के तहत किसानों को सोलर झटका मशीन उपलब्ध कराई जाएगी. इससे वे अपने फसल की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकेंगे. खास बात यह है कि, इस मशीन पर किसानों को 50% अनुदान मिलेगा. इससे उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी.
गन्ना किसानों को मिलेगा अनुदान
पिपराइच चीनी मिल ने पहली बार 30 हेक्टेयर क्षेत्रफल में सोलर झटका मशीन लगाने का निर्णय लिया है. इस मशीन की अधिकतम लागत 13,000 रुपये प्रति हेक्टेयर आएगी जिसमें सरकार 50% तक की सब्सिडी देगी. इस योजना का उद्देश्य किसानों को उनकी फसल के बेहतर संरक्षण के लिए मदद प्रदान करना है, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके.
गन्ना किसानों को नियमित भुगतान और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने के बावजूद, मिलों को अब भी क्षमता के अनुरूप गन्ना उपलब्ध नहीं हो पा रहा है. इसका एक प्रमुख कारण आवारा पशुओं द्वारा फसल नष्ट किया जाना है. किसानों की लगातार मांग को देखते हुए प्रशासन ने अब सोलर झटका मशीन लगाने का निर्णय लिया है.
कैसे काम करती है सोलर झटका मशीन
यह मशीन सेंसर-आधारित होती है और खेत के चारों ओर पतले तारों की घेराबंदी के जरिए काम करती है. जब कोई जानवर इस तार को छूने की कोशिश करता है तो उसे हल्का झटका लगता है. इससे वह तुरंत पीछे हट जाता है. इस झटके से कोई गंभीर चोट नहीं लगती, लेकिन यह पशुओं को खेत में घुसने से रोकने के लिए प्रभावी साबित होता है. इस मशीन में ‘बैटरी और सोलर प्लेट’ लगी होती हैं, जो इसे पूरे दिन कार्यशील बनाए रखती हैं.
सरकार ने जारी किया टेंडर
जिला गन्ना अधिकारी ‘जगदीश यादव’ के अनुसार, 30 हेक्टेयर क्षेत्र में सोलर झटका मशीन लगाने के लिए निविदा आमंत्रित की गई है. प्रति हेक्टेयर मशीन के लिए किसानों को ’12 केवी सोलर फेंस गार्ड, 12 वोल्ट 25 एएच बैटरी, 40 वाट का सोलर प्लेट, 1.5 एमएम का 15 किलोग्राम क्लच वायर, कॉर्नर इंसुलेटर और 250 सफेद इंसुलेटर उपलब्ध कराया जाएगा.
किसानों को कैसे मिलेगा लाभ
गन्ना किसान जो अपनी फसल को आवारा पशुओं से बचाना चाहते हैं वे इस योजना के तहत ‘अनुदान प्राप्त करने के लिए आवेदन कर सकते हैं. इस योजना का लाभ पाने के लिए किसानों को निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना होगा. संबंधित विभाग जल्द ही प्रक्रिया को अंतिम रूप देगा, ताकि किसानों को इसका लाभ शीघ्र मिल सके. इस योजना से किसानों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी और गन्ने की खेती को भी बढ़ावा मिलेगा. सरकार की इस पहल से क्षेत्र में गन्ने की आपूर्ति बेहतर होने की उम्मीद है, जिससे चीनी मिलों को भी लाभ मिलेगा.
Gorakhpur,Uttar Pradesh
March 15, 2025, 21:35 IST