आगरा पहुंचे CEC ज्ञानेश कुमार का लोकतंत्र की मजबूती पर जोर, बोले हर युवा…
Last Updated:
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने आगरा में कैलाश मंदिर के दर्शन किए और अपने बचपन की यादें ताजा कीं. चेंबर ऑफ कॉमर्स ने उन्हें सम्मानित किया. उन्होंने युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक रहने की अपील की.
पूजा करते मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार.
हाइलाइट्स
- मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने आगरा के कैलाश मंदिर में दर्शन किए.
- चेंबर ऑफ कॉमर्स ने ज्ञानेश कुमार को सम्मानित किया.
- ज्ञानेश कुमार ने युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक रहने की अपील की.
आगरा: भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने गृह जनपद आगरा पहुंचे, जहां उन्होंने परिवार के साथ प्राचीन कैलाश मंदिर में भगवान कैलाश महादेव के दर्शन किए. आगरा से उनका गहरा नाता रहा है, और इस दौरान उन्होंने अपने बचपन की यादों को भी साझा किया. दर्शन के बाद उन्होंने कहा कि वह अपनी नई जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाएंगे, उन्होंने आगरा के लोगों के प्रति अपने लगाव को व्यक्त करते हुए कहा कि यह शहर उनकी जड़ों से जुड़ा हुआ है और यहां आकर उन्हें हमेशा आत्मिक शांति मिलती है.
चेंबर ऑफ कॉमर्स ने किया सम्मानित
आगरा के चेंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य चुनाव आयुक्त को स्पेशली इनवाइट किया गया. इस अवसर पर चेंबर के अध्यक्ष और पूर्व अध्यक्षों ने उन्हें शाल ओढ़ाकर और बुके देकर सम्मानित किया. इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ने लोकतंत्र की मजबूती पर जोर देते हुए युवाओं से मतदान के प्रति जागरूक रहने को कहा. उन्होंने कहा, “हर नौजवान, जो 18 वर्ष से ऊपर है, उसे मतदान जरूर करना चाहिए. चुनाव आयोग हमेशा मतदाताओं के साथ खड़ा था, खड़ा है और खड़ा रहेगा.
स्कूल पहुंचे मुख्य चुनाव आयुक्त
कैलाश मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद ज्ञानेश कुमार अपने स्वर्गीय दादा के एत्मादउद्दौला स्थित श्रीश्याम लाल सरस्वती शिशु एवं विद्या मंदिर स्कूल पहुंचे. उनके दादा इसी क्षेत्र में रहते थे. उनके पिता सीएमओ पद पर रहते हुए कई जिलों में तैनात रहे.
ज्ञानेश कुमार ने बताया कि जब वह छुट्टियों में अपने पिता के साथ आगरा आते थे, तो इसी स्कूल में रुका करते थे उन्होंने याद किया कि स्कूल की लाइब्रेरी में रखी किताबों पर जमी धूल को साफ कर वे उन्हें पढ़ते थे.
स्कूल की पुरानी यादें हुईं ताजा
मुख्य चुनाव आयुक्त बनने के बाद जब वे पहली बार आगरा पहुंचे, तो अपने पुराने स्कूल जाकर बचपन की यादें ताजा कीं. उन्होंने बच्चों के सामने अपनी स्कूल लाइफ के किस्से साझा किए, जिससे माहौल भावुक हो गया. वरिष्ठ आईएएस अधिकारी ज्ञानेश कुमार ने अपने परिवार की प्रशासनिक परंपरा को आगे बढ़ाया उनके परिवार में आईएएस, आईपीएस, आईआरएस अधिकारी हैं और 28 सदस्य डॉक्टर हैं.
ज्ञानेश कुमार 1988 बैच के केरल कैडर के आईएएस अधिकारी हैं और उन्हें भारत के 26वें मुख्य चुनाव आयुक्त के रूप में नियुक्त किया गया है. उनका जन्म आगरा में हुआ, उन्होंने वाराणसी के क्वींस कॉलेज में टॉप किया था. उनके पिता डॉ. सुबोध गुप्ता 65 साल पहले आगरा आकर बसे थे और सीएमओ पद से सेवानिवृत्त हुए.
Agra,Agra,Uttar Pradesh
March 16, 2025, 23:06 IST