यूपी में ITI पास युवाओं के लिए खुशखबरी, 21 अप्रैल को यहां लगेगा रोजगार मेला
Last Updated:
UP Rojgar Mela 2025 :बस्ती में 21 अप्रैल को आईटीआई पास युवाओं के लिए रोजगार मेला आयोजित होगा. अशोका लीलैंड 100 पदों पर भर्ती करेगी. चयनितों को 11951-15308 रुपए मासिक वेतन मिलेगा. पंजीकरण शुल्क नहीं है.
News 18
हाइलाइट्स
- 21 अप्रैल को बस्ती में वृहद रोजगार मेला आयोजित होगा.
- अशोका लीलैण्ड 100 पदों पर भर्ती करेगी.
- चयनित अभ्यर्थियों को 11,951 से 15,308 रुपए मासिक वेतन मिलेगा.
बस्ती: यूपी के बस्ती में बेरोजगार युवाओं के लिए नौकरी पाने का सुनहरा मौका है. यहां ITI पास बेरोजगार युवाओं के लिए एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है. यह रोजगार मेला राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान कटरा एवं क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय-एमसीसी बस्ती के संयुक्त तत्वावधान में आयोजन होगा. यह मेला 21 अप्रैल की सुबह 10ः00 बजे राजकीय आईटीआई कैंपस कटरा बस्ती के स्मार्ट क्लास में आयोजित होगा. रोजगार मेले का उद्देश्य युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर प्रदान करना है.
अशोका लीलैंड करेगी भर्ती
इस रोजगार मेले में प्लेसमेंट एजेंसी शिवम इंटरप्राइजेज के एचआर बृजेश सिंह के माध्यम से अशोका लीलैण्ड रुद्रपुर, उत्तराखण्ड की प्रतिष्ठित कंपनी प्रतिभाग करेगी. कंपनी द्वारा कुल 100 रिक्त पदों पर भर्तीया की जाएंगी. यह मौका विशेष रूप से पुरुष अभ्यर्थियों के लिए आयोजित किया गया है.
जानें पात्रता और दस्तावेजों की सूची
बस्ती राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्य ने बताया कि इन पदों के लिए हाई स्कूल, इंटरमीडिएट एवं आईटीआई (केवल दो वर्षीय व्यवसाय) में उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे. अभ्यर्थियों की आयु 18 वर्ष से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए. इच्छुक अभ्यर्थी सभी शैक्षिक एवं तकनीकी प्रमाण पत्र, पहचान पत्र, हालिया पासपोर्ट साइज फोटो एवं बायोडाटा/रिज्यूम के साथ निर्धारित तिथि, समय व स्थान पर उपस्थित हों.
15000 रुपए से अधिक मिलेगी सैलरी
प्रधानाचार्य ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को 11951 रुपए से 15308 रुपए मासिक वेतन दिया जाएगा. इसके अतिरिक्त कम्पनी द्वारा सब्सिडाइज्ड लंच/डिनर 1000 रुपए अटेन्डेंस बोनस, निःशुल्क यूनिफॉर्म, पीएफ, ईएसआईसी एवं अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी. रोजगार मेले में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का पंजीकरण शुल्क नहीं है. यह आयोजन बस्ती जिले के युवाओं के लिए रोजगार प्राप्त करने का सुनहरा अवसर है.