मौसम ने कर दी बड़ी मुसीबत! तेज बारिश के साथ आंधी, कई इलाकों में पेड़ गिरे
नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद समेत पूरे पश्चिमी यूपी में आज शाम मौसम ने अचानक करवट ली. तेज़ आंधी के साथ हुई झमाझम बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, लेकिन कई इलाकों में तबाही भी देखने को मिली. करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली तेज हवाओं ने पेड़ और होर्डिंग्स गिरा दिए, जिससे ट्रैफिक और बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई.
मौसम विभाग ने पहले ही अलर्ट जारी किया था, लेकिन आंधी की तीव्रता ने लोगों को चौंका दिया. गर्मी से परेशान लोगों को राहत तो मिली, मगर नुकसान और डर का माहौल भी साथ आया.
गाजियाबाद के लोगों ने ली राहत की सांस
गाजियाबाद में बीते कुछ हफ्तों से लोग झुलसती गर्मी से बेहाल थे, उन्हें आखिरकार मौसम ने थोड़ी राहत दी है. लेकिन ये राहत कुछ ऐसी थी, जो डर के साए में आई. शनिवार 18 मई की शाम को मौसम ने अचानक करवट ली और पूरे शहर का मिजाज ही बदल गया. दिनभर 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा चुके तापमान के बाद जब रात करीब 8 बजे आसमान में काले बादल छाए, तो लोगों को उम्मीद जगी कि अब गर्मी से राहत मिलेगी.
उम्मीद थी कि बारिश होगी, लेकिन जो हुआ, उसने शहर को हिला कर रख दिया. तेज़ हवाओं के साथ आई आंधी ने कई इलाकों में कहर बरपा दिया. राजनगर एक्सटेंशन, डासना, वैशाली और इंदिरापुरम जैसे इलाकों में तेज़ आंधी और झमाझम बारिश हुई. कहीं पेड़ उखड़कर सड़कों पर आ गिरे तो कहीं बड़े-बड़े होर्डिंग ज़मीन पर आ गिरे. कई जगह बिजली के खंभे भी हिलते नजर आए.
70 किमी की रफ्तार से चली हवाएं
तेज़ हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे से भी ज्यादा रही. बारिश के साथ उड़ती धूल और मलबा लोगों को सहमा गया. कुछ इलाकों में ट्रैफिक भी ठप हो गया. हालांकि, गर्मी से परेशान लोगों को ठंडी हवाओं और बारिश ने थोड़ी राहत जरूर दी. दोपहर तक जो लोग घर से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे, वो शाम होते-होते बालकनी में खड़े होकर इस बदले मौसम का लुत्फ उठाने लगे.
कई दुकानों के उड़ गए शेड
इस आंधी-पानी ने नुकसान भी छोड़ा. कई जगह दुकानों के शेड उड़ गए, सड़कों पर गिरा मलबा सफाई कर्मियों के लिए मुसीबत बन गया. कुछ इलाकों में बिजली गुल हो गई.
मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी दी थी कि वेस्ट यूपी में तेज़ आंधी और बारिश आ सकती है, लेकिन इसकी रफ्तार ने सबको चौंका दिया. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यह अचानक बदला मौसम जलवायु परिवर्तन का संकेत हो सकता है. गाजियाबाद जैसे शहरों में जहां गर्मी रिकॉर्ड तोड़ रही है, वहां इस तरह की अचानक मौसमीय घटनाएं अब आम होती जा रही हैं.
लोगों ने सोशल मीडिया पर वीडियो और तस्वीरें भी शेयर कीं, जिनमें गिरते पेड़, उड़ते होर्डिंग और झमाझम बारिश साफ देखी जा सकती है. फिलहाल शहर में मौसम तो ठंडा हो गया है, लेकिन नुकसान की भरपाई और अगली आंधी के डर ने लोगों के चेहरे से राहत की मुस्कान छीन ली है.