Ghaziabad News : ‘कुर्बानी’ देने वाले किसानों के बच्चों को काम देगा नोएडा एयरपोर्ट, पोर्टल लॉन्च
Last Updated:
Noida news in hindi : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले किसानों के बच्चों के लिए विशेष रोजगार पोर्टल लॉन्च किया गया है. 10 जून से आवेदन कैंप शुरू होंगे. इससे किसानों के बच्चों के सपने पूरे होंगे.
Good News: उड़ान अब किसानों के सपनों की भी, नोएडा एयरपोर्ट के किसानों के बच्चों
नोएडा. यूपी के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ऊंची उड़ान अब सिर्फ हवाई जहाजों तक सीमित नहीं रहने वाली. इस उड़ान से अब किसानों के परिवारों के सपनों को भी नए पंख मिलने जा रहे हैं. सरकार ने जेवर एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले किसानों के बच्चों के लिए एक विशेष रोजगार पोर्टल लॉन्च कर दिया है, जो न केवल नौकरियों के नए दरवाजे खोलेगा, बल्कि किसानों के बच्चों का भी भविष्य सुधरेगा और उनके सपने पूरे होंगे. रोजगार पोर्टल का शुभारंभ नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सभागार में एक भव्य कार्यक्रम के दौरान किया गया. जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के CEO अरुणवीर सिंह, और गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की मौजूदगी में यह ऐतिहासिक पहल की गई. 10 जून से जेवर स्थित आरएंडआर कॉलोनी और नगर पंचायत रबूपुरा में आवेदन कैंप लगाए जाएंगे, जहां प्रभावित परिवारों के युवा ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे.
विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि यह सिर्फ जमीन का मुआवजा नहीं है, यह उस भरोसे की वापसी है जो किसानों ने सरकार पर दिखाया था. हमने वादा किया था कि उनके बच्चों का भविष्य सुरक्षित किया जाएगा, और यह रोजगार पोर्टल उस वायदे की दिशा में ठोस कदम है. इस पोर्टल के माध्यम से पहले चरण में एयरपोर्ट के लिए अपनी जमीन देने वाले किसानों के बच्चों को उनकी योग्यता के अनुसार नोएडा एयरपोर्ट प्रोजेक्ट और अन्य औद्योगिक इकाइयों में नौकरी के अवसर दिए जाएंगे. युवाओं के स्किल अपग्रेडेशन के लिए भी विशेष योजनाएं चलाई जाएंगी.
इस तरह से करें आवेदन
युवाओं को ऑनलाइन आवेदन करने के लिए निकटतम कैंप में जाना होगा, जहां अधिकारियों की मदद से फार्म भरे जाएंगे. चयन की प्रक्रिया पूरी तरह से योग्यता आधारित होगी और स्किल मैपिंग के अनुसार नियुक्तियां की जाएंगी.