अब इलाज के लिए लखनऊ नहीं जाना पड़ेगा! अमेठी में खुलेगा पहला मेडिकल कॉलेज

0
अब इलाज के लिए लखनऊ नहीं जाना पड़ेगा! अमेठी में खुलेगा पहला मेडिकल कॉलेज


अमेठी: अमेठी जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है. जिले में पहला राजकीय मेडिकल कॉलेज बन रहा है, जो न सिर्फ स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर करेगा, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी लेकर आएगा. तिलोई तहसील के रास्तामऊ गांव में इस मेडिकल कॉलेज का निर्माण तेजी से किया जा रहा है. जुलाई महीने तक इसे जनता को सौंपे जाने की उम्मीद जताई जा रही है.

करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस मेडिकल कॉलेज में 300 बेड का अस्पताल, 100 सीटों वाला एकेडमिक ब्लॉक, लड़के-लड़कियों के लिए अलग-अलग हॉस्टल, स्टाफ क्वार्टर और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं. इसका काम अब अंतिम चरण में है और जिलाधिकारी संजय चौहान खुद समय-समय पर इसका निरीक्षण कर रहे हैं.

स्थानीय लोगों में जबरदस्त उत्साह
मेडिकल कॉलेज बनने से जिले के लोगों में खुशी की लहर है. स्थानीय निवासी सूर्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि अमेठी में मेडिकल कॉलेज का बनना विकास की दिशा में बड़ा कदम है. जब तक स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत नहीं होंगी, तब तक किसी भी जिले की तरक्की संभव नहीं है. उन्होंने कहा कि यह मेडिकल कॉलेज मुख्यालय से सिर्फ 30 किलोमीटर की दूरी पर है, जिससे आपात स्थिति में इलाज जल्दी और बेहतर तरीके से मिल सकेगा.

वहीं वरिष्ठ अधिवक्ता उमाशंकर पांडे का कहना है कि मेडिकल कॉलेज जिले की रीढ़ साबित होगा. इसके बन जाने से न केवल स्थानीय लोगों को इलाज की सुविधा मिलेगी, बल्कि हजारों लोगों को रोजगार भी मिलेगा. यह संस्थान जिले की पहचान को एक नया आयाम देगा.

जुलाई तक पूरा करने के निर्देश
अमेठी के डीएम संजय चौहान ने कहा कि मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण लगातार किया जा रहा है. कॉलेज के पांच ब्लॉकों का काम अभी शेष है, जिसे जुलाई माह तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं. कॉलेज प्राचार्य को भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जो भी कार्य अधूरे हैं, उन्हें तय समयसीमा में पूरा किया जाए ताकि जल्द से जल्द इसका उद्घाटन कर आम जनता को सौंपा जा सके.

अमेठी जिले के लिए यह मेडिकल कॉलेज सिर्फ एक इमारत नहीं, बल्कि एक नई दिशा, एक नई शुरुआत है. अब लोगों को इलाज के लिए दूर-दराज के बड़े शहरों की तरफ नहीं भागना पड़ेगा, बल्कि अपने ही जिले में उन्हें इलाज की आधुनिक सुविधा मिल सकेगी.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *