बलिया में गर्मी की मार! चार दिन से बिजली गुल, मोमबत्ती के सहारे कट रही रातें

0
बलिया में गर्मी की मार! चार दिन से बिजली गुल, मोमबत्ती के सहारे कट रही रातें


सनन्दन उपाध्याय/बलिया: बलिया का मौसम इन दिनों लोगों की परीक्षा ले रहा है. दिन में जहां चिलचिलाती धूप और तेज लू चल रही है, वहीं शाम होते ही भी गर्म हवा की तपिश कम नहीं हो रही. ऊपर से अगर बिजली न हो तो सोचिए हालात कैसे होंगे. कुछ ऐसा ही बलिया शहर के बालेश्वर घाट इलाके में मंजर देखने को मिल रहा है. यहां बीते चार दिनों से बिजली पूरी तरह गायब है.

यहां के लोग दिन भर तो जैसे-तैसे पसीने में भीगते हुए गुजार लेते हैं, लेकिन असली आफत तो रात में आती है. न बिजली, न कूलर, न पंखा, बस मोमबत्ती की हल्की रोशनी और देसी पंखे से हवा झलने का तरीका ही एकमात्र सहारा है. कई लोग तो घर के बाहर खुले में बैठकर या लेटकर रात काटते दिखे. कोई गमछा लेकर चला रहा है, कोई अखबार तो कोई प्लास्टिक की थैली को भी पंखा बना चुका है.

रात भर सो नहीं पा रहे हैं बच्चे
स्थानीय निवासी अभिषेक, मोहम्मद हुसैन, रंजीत कुमार और राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इस इलाके में करीब 3000 की आबादी प्रभावित है. जो लोग संपन्न हैं, वो तो जनरेटर चला रहे हैं, लेकिन मध्यमवर्गीय और गरीब परिवार पूरी तरह बेहाल हैं. बच्चों की हालत अधिक खराब है. रात भर रोते- चिल्लाते रहे. मां-बाप परेशान, लेकिन कुछ कर नहीं पा रहे.

ट्रांसफार्मर का हालात है बेहद खराब
बिजली विभाग की कोशिशें भी बेकार जा रही हैं. कभी ट्रांसफार्मर से धुआं निकल जाता है, तो कभी तार जल जाते हैं. एक ट्रांसफार्मर तो बदला भी गया, लेकिन उसमें डाला गया तेल अब गर्म होकर और दिक्कतें खड़ी कर रहा है. विभाग की टीम मौके पर जरूर पहुंचती है, लेकिन हर बार कोई नया फॉल्ट आ जाता है. कई बार तो फ्यूज उड़ जाने की वजह से पूरी मेहनत पर पानी फिर जाता है.

गर्मी से बचने के लिए लोग अपना रहे हैं देसी जुगाड़
गर्मी इतनी भयानक है कि इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जवाब दे चुके हैं. लोग मजबूर होकर देसी जुगाड़ अपना रहे हैं. किसी ने बताया कि उन्होंने अपने पुराने थरथराते टेबल फैन को मरम्मत करवाकर चालू किया है, तो कोई ठंडा पानी पीने के लिए मटके और सुराही का सहारा ले रहा है.

लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस दिशा में ठोस कदम उठाने की जरूरत है. बिजली सिर्फ सुविधा नहीं, इस भीषण गर्मी में जीवन की जरूरत बन चुकी है. बीमारी, डिहाइड्रेशन, बच्चों की तकलीफ, बुजुर्गों की परेशानी अब सामान्य बातें बन गई हैं.

बिजली विभाग ने दी प्रतिक्रिया
बिजली विभाग की ओर से बताया गया है कि ट्रांसफार्मर में तेल गर्म होने की वजह से बिजली सप्लाई रोकी गई है, जिससे कोई बड़ा हादसा न हो. लेकिन लोगों का सब्र अब जवाब देने लगा है. बार- बार आश्वासन मिलने के बावजूद जब फ्यूज उड़ जाता है या फिर लाइन ट्रिप कर जाती है, तो लोगों का मनोबल भी टूटने लगता है.

फिलहाल तो लोग उम्मीद लगाए बैठे हैं कि कब बिजली आएगी और कब उनकी रातें फिर से रोशनी में कटेंगी. लेकिन इस गर्मी में बलिया के बालेश्वर घाट के लोग जो झेल रहे हैं, वो किसी सजा से कम नहीं.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *