SDM का पकड़ा गला, नायब तहसीलदार के साथ हाथापाई, अमेठी में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला
Last Updated:
Amethi News: अमेठी में अवैध कब्जा हटाने गई राजस्व टीम पर हमला हुआ. महिलाओं ने SDM प्रीति तिवारी का गला पकड़ा और नायब तहसीलदार अनुश्री त्रिपाठी को चोटें आईं. सरकारी गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई. पुलिस ने पांच लोग…और पढ़ें
Amethi News: अमेठी में SDM और राजस्व टीम पर हमला
हाइलाइट्स
- एसडीएम और राजस्व टीम पर हमला, गाड़ियाँ क्षतिग्रस्त.
- नायब तहसीलदार अनुश्री त्रिपाठी को चोटें आईं.
- पांच हमलावर हिरासत में, पुलिस जांच जारी.
अमेठी. अमेठी में रास्ते की बेशकीमती जमीन से कब्जा हटाने गई एसडीएम और राजस्व टीम पर हमला हुआ. एसडीएम प्रीति तिवारी और नायब तहसीलदार व राजस्व कर्मियों ने भागकर जान बचाई. दबंगों ने सरकारी गाड़ियों में तोड़फोड़ की. जिला मुख्यालय स्थित माधोपुर वार्ड की बेशकीमती जमीन से अवैध कब्जा हटाने गई थी टीम. हमले में नायब तहसीलदार अनुश्री और लेखपाल सिराज को चोटें आईं. माधोपुर गांव के भोला नाथ सिंह की शिकायत पर राजस्व टीम पहुंची थी. यह मामला गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के माधोपुर वार्ड का है.
किसी तरह टीम ने बचाई जान
टीम में एसडीएम प्रीति तिवारी, नायब तहसीलदार अनुश्री त्रिपाठी, कानूनगो संतोष सिंह, लेखपाल मनीष सरोज, गौरव यादव, कुलदीप यादव, रंजीत यादव, अनूप गुप्ता और सिराज अहमद शामिल थे. जैसे ही टीम ने टिन शेड हटाने की प्रक्रिया शुरू की, ग्रामीणों ने हमला कर दिया. राजस्व टीम ने किसी तरह भागकर जान बचाई. हमले के बाद पूरा राजस्व अमला कोतवाली पहुंचा, जहां पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. मामले में हमलावरों की पहचान की जा रही है. भोलानाथ सिंह ने बताया कि मेरे खेत तक जाने वाले रास्ते और अन्य सरकारी जमीन पर उदयभान सिंह और अन्य लोगों ने कब्जा कर रखा है. इसको हटाने के लिए राजस्व टीम गई थी. उन लोगों ने मुझे भी मारा और टीम पर हमला किया. लेखपाल कुलदीप यादव की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है.
पांच को पुलिस ने लिया हिरासत में
पूरे मामले पर एडीएम अर्पित गुप्ता ने कहा कि बुधवार को गौरीगंज के एसडीएम प्रीति तिवारी अवैध कब्जे को हटाने गई थीं, जहां उनके साथ अभद्रता की गई और नायब तहसीलदार को चोटें आई हैं. गाड़ियों पर पत्थरबाजी की गई है. मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है. पूरे मामले पर अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि आज तहसील सदर की राजस्व टीम गौरीगंज वार्ड नंबर 13 में भूमि विवाद के निस्तारण के संबंध में गई थी, जहां मौके पर मौजूद महिलाओं द्वारा राजस्व टीम के साथ अभद्रता की गई और सरकारी काम में बाधा डाली गई. सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया गया. मामले में शामिल पांच लोगों को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है.

Principal Correspondent, Lucknow