सांपों की छुट्टी! बरसात में लगाएं ये पौधा, तेज गंध से पास भी नहीं फटकेंगे
Last Updated:
(रिपोर्ट – संजय यादव). अक्सर बारिश के दौरान घरों, आंगनों और बाग-बगिचों में जहरीले कीड़े-मकोड़े और सांपों का खतरा बढ़ जाता है, जिससे लोग डर और चिंता में रहते हैं. गीली मिट्टी और नमी के कारण ये जीव अपने छिपने के स्थान से बाहर निकल आते हैं और सूखी जगह की तलाश में घरों की ओर रुख कर लेते हैं. लेकिन, क्या आप जानते हैं कि हमारे आसपास कई ऐसे प्राकृतिक पौधे मौजूद हैं, जिन्हें लगाने से ये खतरनाक जीव जंतु आपके घर के आसपास भी नहीं भटकते. ये पौधे न सिर्फ आपके घर की सुरक्षा करते हैं, बल्कि इसकी सुंदरता भी बढ़ाते हैं.
वैसे बरसात के मौसम में घरों में सांप घुसने का खतरा बढ़ जाता है. जहरीले सांप के काटने से जान का जोखिम हो सकता है. इससे बचने के लिए कुछ प्राकृतिक उपाय किए जा सकते हैं. घर के आसपास कुछ विशेष पौधे लगाकर सांप को दूर रखा जा सकता है. ये पौधे अपनी प्राकृतिक गंध से सांप को घर में घुसने से रोकते हैं. इन पौधों को लगाना और उनकी देखभाल करना बहुत आसान है. इन पौधों को घर के किसी भी हिस्से में लगाया जा सकता है. खासकर घर के प्रवेश द्वार, खिड़कियों और दरवाजों के पास इन्हें लगाना ज्यादा प्रभावी होता है. ये पौधे न सिर्फ सांप को दूर रखने में मदद करते हैं, बल्कि घर की सुंदरता भी बढ़ाते हैं.

वहीं, जिला अस्पताल बाराबंकी के चिकित्सक डॉक्टर अमित वर्मा (एमडी मेडिसिन) ने बताया कि बरसात के दिनों में जहरीले जीव-जंतु व सांप घरों में देखने को मिलते हैं, जिससे डर और जान का खतरा बना रहता है. ऐसा खासतौर पर उस समय होता है जब बारिश के चलते मिट्टी में पानी भर जाता है और सांप सूखी जगह की तलाश में इधर-उधर निकल आते हैं. अब अगर आप किसी प्राकृतिक और सुरक्षित तरीके से सांपों को अपने घर से दूर रखना चाहते हैं, तो लैवेंडर का पौधा एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है.

लैवेंडर का पौधा अपने औषधीय गुणों के लिए जाना जाता है. इसकी भीनी-भीनी खुशबू न केवल मन को सुकून देती है, बल्कि यह एक प्राकृतिक कीटनाशक के रूप में भी काम करता है. इसे उगाना काफी आसान है और यह पौधा आपके घर को खूबसूरत दिखाने में भी मदद करता है. इसके फूल बेहद ही सुंदर और आकर्षक लगते हैं, जो घर की शोभा बढ़ाते हैं.

लैवेंडर खूबसूरत फूलों के अलावा अपनी तेज और मनमोहक खुशबू के लिए जाना जाता है, लेकिन, यही खुशबू सांपों को बिल्कुल पसंद नहीं आती. यही कारण है कि यह पौधा सांपों को घर से दूर रखने में बेहद असरदार माना जाता है. इस पौधे को गमले में उगाना न केवल आसान है, बल्कि इसे घर के दरवाजे, खिड़कियों या बालकनी में रखने से यह प्राकृतिक सुरक्षा कवच की तरह काम करता है.

लैवेंडर में मौजूद विशेष कंपाउंड लिनालूल और इसकी तीखी खुशबू सांपों के सूंघने की शक्ति को प्रभावित करती है. सांप अपनी जीभ और जैकबसन ऑर्गन की मदद से गंध को पहचानते हैं, लेकिन लैवेंडर की तेज सुगंध उन्हें भ्रमित और असहज कर देती है. यही वजह है कि सांप ऐसी जगहों से दूर रहते हैं जहां लैवेंडर का पौधा होता है. यह पौधा एक तरह से प्राकृतिक रिपेलेंट का काम करता है, जिससे न केवल घर सुरक्षित रहता है, बल्कि आसपास की जगह भी सौंदर्य से भर जाती है.

इसके अलावा लैवेंडर का पौधा लगाने से घर के आसपास मच्छर-मक्खी जैसे कीट-पतंगे भी दूर रहते हैं. बरसात का मौसम शुरू होते ही मच्छरों और मक्खियों की संख्या तेजी से बढ़ जाती है, जो डेंगू, मलेरिया और वायरल फीवर जैसी कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकते हैं. ऐसे में लैवेंडर की तेज खुशबू इन कीटों को भी दूर भगाती है. इसे घर के आंगन, बालकनी, खिड़की के पास या मुख्य द्वार के आसपास लगाने से न केवल वातावरण सुगंधित रहता है, बल्कि बीमारी फैलाने वाले कीड़ों का खतरा भी काफी हद तक कम हो जाता है.