World Police and Fire Games 2025: यूपी पुलिस का जलवा, 95 पदकों के साथ रचा इतिहास, बन गए चैंपियन

0
World Police and Fire Games 2025: यूपी पुलिस का जलवा, 95 पदकों के साथ रचा इतिहास, बन गए चैंपियन


Last Updated:

अमेरिका के अलबामा में आयोजित वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स 2025 में यूपी पुलिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 95 पदक जीते. 43 सदस्यीय टीम ने देश और प्रदेश का नाम रोशन किया.

यूपी पुलिस टीम ने वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स 2025 में शानदार प्रदर्शन किया.

लखनऊ: अमेरिका के अलबामा में आयोजित वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स 2025 में उत्तर प्रदेश पुलिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 95 पदक अपने नाम किए हैं. इन पदकों में 45 स्वर्ण, 34 रजत और 16 कांस्य पदक शामिल हैं. प्रतियोगिता का आयोजन 27 जून से 6 जुलाई 2025 तक हुआ, जिसमें 63 देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया.

इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय आयोजन में यूपी पुलिस की ओर से 43 खिलाड़ियों की टीम ने हिस्सा लिया और अपनी मेहनत, अनुशासन और खेल कौशल से देश का नाम रोशन किया. पूरी प्रतियोगिता में भारत ने कुल 560 पदक जीतकर तीसरा स्थान हासिल किया, जिसमें यूपी पुलिस का योगदान महत्वपूर्ण रहा. डीजीपी राजीव कृष्ण ने इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा, “हमारे खिलाड़ी न केवल मैदान में विजेता हैं, बल्कि खाकी की गरिमा, अनुशासन और समर्पण के प्रतीक भी हैं. यह जीत केवल पदकों की नहीं, बल्कि हमारे जज्बे और सेवा भाव की भी है.”

डीजीपी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से शुरू की गई ‘कुशल खिलाड़ी योजना’ को इस उपलब्धि का आधार बताते हुए कहा कि इस योजना ने पुलिस विभाग में छिपी प्रतिभाओं को नई उड़ान दी है. इससे खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल बना है और खेल संस्कृति को एक नई ऊर्जा मिली है. राज्य सरकार की तरफ से खेलों को बढ़ावा देने के लिए की गई पहलों, जैसे कि खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण, बेहतर सुविधाएं, खेल मैदान और प्रेरक भत्ते ने इस सफलता में अहम भूमिका निभाई है. यूपी पुलिस के खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, शूटिंग, तैराकी, जूडो, बैडमिंटन सहित कई स्पर्धाओं में भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया.

यह सफलता केवल पुलिस विभाग के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है. वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स जैसे वैश्विक मंच पर यूपी पुलिस का यह प्रदर्शन यह दर्शाता है कि वे न केवल कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर सक्षम हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय खेल स्पर्धाओं में भी दमदार उपस्थिति दर्ज कराने में सक्षम हैं. यह उपलब्धि आने वाले समय में पुलिस बल में खेलों को और बढ़ावा देगी और नई पीढ़ी को प्रेरित करेगी.

authorimg

अभिजीत चौहान

न्‍यूज18 हिंदी डिजिटल में कार्यरत. वेब स्‍टोरी और AI आधारित कंटेंट में रूचि. राजनीति, क्राइम, मनोरंजन से जुड़ी खबरों को लिखने में रूचि.

न्‍यूज18 हिंदी डिजिटल में कार्यरत. वेब स्‍टोरी और AI आधारित कंटेंट में रूचि. राजनीति, क्राइम, मनोरंजन से जुड़ी खबरों को लिखने में रूचि.

homeuttar-pradesh

World Police and Fire Games: यूपी पुलिस का जलवा, 95 पदकों के साथ रचा इतिहास



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *