Exclusive: घर में टूटी कुर्सी और नानी लापता, आखिर 9 साल की मासूम फांसी पर लटकी कैसे? बेटे ने मां पर लगाए गंभीर आरोप

0
Exclusive: घर में टूटी कुर्सी और नानी लापता, आखिर 9 साल की मासूम फांसी पर लटकी कैसे? बेटे ने मां पर लगाए गंभीर आरोप


Last Updated:

Kanpur News: यूपी के कानपुर में फांसी से लटककर 9 साल की बच्ची की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है. परिजनों के अनुसार, बच्ची अपनी नानी के साथ रहती थी और मौत के बाद से नानी लापता हैं. परिजनों ने नानी पर हत्या के आरोप लगाए हैं. उन्होंने कैमरे के सामने क्या कहा, आइए जानते हैं.

कानपुर: जिले के घाटमपुर थाना क्षेत्र में स्थित कैबिनेट मंत्री राकेश सचान से जुड़े बाबा बैजनाथ डिग्री कॉलेज परिसर में 9 वर्षीय मासूम बच्ची का शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटकता मिला. घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. बच्ची का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. घटना का पता उस समय चला, जब कॉलेज के चौकीदार कामता ने कमरे में बच्ची को फंदे पर लटका देखा. उसने तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी. पुलिस के अनुसार, जिस कॉलेज में घटना हुई, वह फिलहाल बंद पड़ा है.

पिता बोले- नानी के साथ खुश रहती थी वैष्णवी

बाबूपुरवा निवासी मंजीत ने बताया कि उनकी पत्नी लक्ष्मी की पहली शादी से बेटी वैष्णवी उर्फ रानी थी. वैष्णवी अपनी नानी ममता के साथ घाटमपुर के बरनाव मोड़ के पास स्थित इसी डिग्री कॉलेज परिसर में रह रही थी. मंजीत ने बताया कि उनकी दो अन्य बेटियां रिद्धि और कीर्ति उनके साथ कानपुर में रहती हैं. मंजीत के मुताबिक, रक्षा बंधन पर जब वह कॉलेज गए थे, तब वैष्णवी बिल्कुल खुश थी. सोमवार देर रात चौकीदार का फोन आया, जिसमें बेटी के फंदे पर लटकने की सूचना दी गई. इसके बाद वह पत्नी के साथ तुरंत घाटमपुर पहुंचे.

घटना के बाद से नानी लापता

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के बाद से बच्ची की नानी ममता लापता है. पिता मंजीत ने बताया कि उन्होंने कई बार सास को फोन किया, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा है. इसकी सूचना पुलिस को दे दी गई है. पुलिस नानी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है. मृत बच्ची की मां लक्ष्मी और नानी के बेटे सूरज ने अपनी मां के ऊपर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिजनों का कहना है कि नानी नशे की आदी थी और अक्सर शराब पीती थी. उनका आरोप है कि बच्ची ने नानी को किसी गलत काम में देख लिया होगा, इसी वजह से उसे रास्ते से हटा दिया गया.

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

परिजनों ने यह भी कहा कि जिस ऊंचाई पर फंदा लगा था, वहां तक बच्ची का खुद पहुंचना संभव नहीं है. कमरे में कुर्सियां हटी हुई थीं, सामान बिखरा था और टीवी चालू हालत में था. इन हालातों को देखते हुए परिजन इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या मान रहे हैं. वहीं घाटमपुर इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. फोरेंसिक टीम ने जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण साफ हो पाएंगे. फिलहाल नानी की तलाश तेज कर दी गई है. मासूम की मौत से गांव और परिवार में मातम पसरा है. परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है.

About the Author

आर्यन सेठ

आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.

homeuttar-pradesh

घर में टूटी कुर्सी और नानी लापता, आखिर 9 साल की मासूम फांसी पर लटकी कैसे?



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *