Gardening Tips: छोटे से गार्डन में बड़ी खूबसूरती, जानें कैसे करें सही प्लानिंग
Last Updated:
अगर आप अपने घर पर गार्डन बनाना चाहते हैं तो पौधों का सही चयन बेहद जरूरी है. गेंदा, गुड़हल, गुलाब और विदेशी फूलों के साथ तुलसी, पुदीना, धनिया और मनी प्लांट जैसे पौधे लगाने से न सिर्फ गार्डन खूबसूरत और रंगीन दिखता है, बल्कि उनकी खुशबू से पूरा माहौल सुगंधित भी रहता है. आइए जानते है कुछ जरूरी टिप्स…
सुल्तानपुर. बहुत से लोगों का सपना होता है कि वे अपने घर पर ही एक सुंदर और उपयोगी गार्डन तैयार करें, लेकिन सही जानकारी और योजना के अभाव में यह सपना अधूरा रह जाता है. बिना किसी विशेष ट्रेनिंग या आइडिया के लोग पौधे तो लगा लेते हैं, लेकिन न फूल अच्छे आते हैं और न ही सब्जियां सही तरह से उग पाती हैं. ऐसे में आज हम उद्यान विशेषज्ञ से बातचीत के आधार पर आपको बताएंगे कि घर पर गार्डन कैसे तैयार करें और किन जरूरी बातों का ध्यान रखें, ताकि पौधों से भरपूर फूल और सब्जियां मिल सकें.
गार्डन के लिए सही जगह का करें चुनाव
उद्यान विशेषज्ञ इमरान बताते हैं कि गार्डन बनाने से पहले सबसे जरूरी है सही जगह का चुनाव. गार्डन ऐसी जगह होना चाहिए जहां पौधों को पर्याप्त धूप मिल सके. फूलों और सब्जियों के पौधों के लिए रोजाना कम से कम 4 से 6 घंटे की सीधी धूप बेहद जरूरी होती है. इसके साथ ही जगह ऐसी होनी चाहिए जहां निराई-गुड़ाई और पानी देने में किसी तरह की परेशानी न हो. खुली और हवादार जगह पौधों की अच्छी बढ़वार में मदद करती है.
पौधों का सोच-समझकर करें चयन
गार्डन को सुंदर और उपयोगी बनाने के लिए पौधों का चयन बेहद अहम होता है. फूलों के लिए आप गेंदा, गुड़हल, गुलाब जैसे आम पौधों के साथ-साथ कुछ विदेशी प्रजाति के फूल भी लगा सकते हैं. इसके अलावा तुलसी, पुदीना, धनिया और मनी प्लांट जैसे पौधे गार्डन की शोभा बढ़ाने के साथ-साथ उपयोगी भी होते हैं. इन पौधों की हरियाली और खुशबू से पूरा गार्डन सुगंधित और आकर्षक बना रहता है.
मिट्टी को बनाएं उपजाऊ और मजबूत
गार्डन की सफलता पूरी तरह से मिट्टी की गुणवत्ता पर निर्भर करती है. पौधे लगाने से पहले मिट्टी को उपचारित करना बेहद जरूरी है. इसके लिए 40 प्रतिशत सामान्य मिट्टी, 20 प्रतिशत जैविक खाद, 10 प्रतिशत नारियल का बुरादा, 20 प्रतिशत बालू और थोड़ी मात्रा में नीम तेल मिलाकर मिश्रण तैयार करें. यह मिश्रण मिट्टी को पोषक तत्वों से भरपूर बनाता है, जिससे पौधों की जड़ें मजबूत होती हैं और फूल-सब्जियों की पैदावार अच्छी होती है.
सही देखभाल से मिलेगा बेहतरीन गार्डन
अगर सही जगह, अच्छे पौधों और उपजाऊ मिट्टी के साथ नियमित देखभाल की जाए तो घर का गार्डन न सिर्फ खूबसूरत दिखता है, बल्कि ताजी सब्जियों और फूलों से भरपूर भी रहता है. थोड़ी सी मेहनत और सही जानकारी आपके सपनों का गार्डन तैयार कर सकती है.
About the Author
पिछले 4 साल से मीडिया इंडस्ट्री में काम कर रही हूं और फिलहाल News18 में कार्यरत हूं. इससे पहले एक MNC में भी काम कर चुकी हूं. यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश की बीट कवर करती हूं. खबरों के साथ-साथ मुझे…और पढ़ें