Jewar Airport से 15 जून को पहली उड़ान, Indigo फ्लाइट से होगी शुरुआत
Last Updated:
Jewar Airport Indigo Flight | नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून 2026 से उड़ानों की शुरुआत होने जा रही है, जिसमें पहली फ्लाइट इंडिगो की होगी. लंबे इंतजार के बाद शुरू हो रही इस सेवा से नोएडा, ग्रेटर नोएडा, दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी. आधुनिक सुविधाओं से लैस यह एयरपोर्ट न केवल यात्रा को आसान बनाएगा, बल्कि क्षेत्र की कनेक्टिविटी को भी नई गति देगा.
जेवर एयरपोर्ट से इंडिगो की पहली उड़ान की डेट आ गई है.
Jewar Airport First Flight | Noida International Airport First Flight | Indigo Flight | नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जुड़ी एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. लंबे इंतजार के बाद अब आम यात्रियों के लिए उड़ानों की शुरुआत 15 जून 2026 से होने जा रही है. इस दिन पहली फ्लाइट इंडिगो की होगी, जो इस ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट से उड़ान भरेगी. यह खबर न केवल नोएडा बल्कि पूरे एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए राहत भरी है, क्योंकि इससे देश-विदेश में यात्रा काफी आसान और सुविधाजनक हो जाएगी. एयरपोर्ट के संचालन से क्षेत्र की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी, जिसमें मेट्रो और एक्सप्रेसवे का अहम योगदान रहेगा.
इंडियो के बाद दूसरी एयरलाइंस भी करेंगी शुरुआत
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटन के बाद सभी जरूरी प्रक्रियाएं और एनओसी पूरी कर ली गई हैं. शुरुआती दौर में इंडिगो अपनी सेवाएं शुरू करेगी, जबकि आगे चलकर अन्य एयरलाइंस जैसे अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी यहां से उड़ानें संचालित करेंगी. 15 जून से न केवल डोमेस्टिक फ्लाइट्स बल्कि कार्गो सेवाएं भी शुरू होंगी. इस एयरपोर्ट के चालू होने से उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा और राज्य के वन ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी.
दरअसल, बीते 22 अप्रैल को ही यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड की बोर्ड बैठक में कई अहम फैसले लिए गए, जिनमें अगले महीने से घरेलू और कार्गो उड़ानों की शुरुआत प्रमुख रही. बैठक में एयरलाइंस कंपनियों की ओर से शुरुआती चरण में देश के 17 शहरों के लिए उड़ान सेवाएं शुरू करने की योजना पर चर्चा की गई. अधिकारियों ने तय किया था कि मई महीने के अंत तक एयरपोर्ट से नियमित घरेलू उड़ानें और कार्गो सेवाएं शुरू कर दी जाएं. हालांकि उड़ान की शुरुआत 15 जून से हो रही है. इसके लिए टिकट बुकिंग, ग्राउंड हैंडलिंग और अन्य जरूरी सेवाओं को भी अंतिम रूप दिया जा चुका है. हालांकि, एयरपोर्ट संचालन शुरू होने से पहले ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी से एयरपोर्ट सिक्योरिटी प्रोग्राम की मंजूरी मिलना अभी बाकी है. यह मंजूरी मिलते ही एयरपोर्ट संचालन का रास्ता पूरी तरह साफ हो जाएगा.
इसके अलावा विदेशी सीईओ से जुड़े कुछ प्रशासनिक मुद्दों को भी सुलझाने का प्रयास जारी है, ताकि संचालन में कोई बाधा न आए. एयरपोर्ट के भविष्य के विस्तार को ध्यान में रखते हुए भी बड़े स्तर पर योजना बनाई गई है. अगले दो वर्षों में विमानों की पार्किंग के लिए 25 नए स्टैंड विकसित किए जाएंगे, जिस पर लगभग 300 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. इससे एयरपोर्ट की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और अधिक उड़ानों का संचालन संभव हो सकेगा.
पीएम मोदी ने किया था उद्घाटन
दरअसल, बीते 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को गौतम बुद्ध नगर जिले के जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था. कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक के बाद एक की कई पोस्ट में नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे की सुविधाओं का जिक्र किया. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन में अत्याधुनिक सुविधाओं को देखकर मन को बहुत संतोष हुआ. इस एयरपोर्ट से कनेक्टिविटी, निवेश और विकास को एक नई गति मिलेगी. उन्होंने कहा कि नोएडा के कार्यक्रम में अपार संख्या में जुटे मेरे परिवारजनों का जोश साफ बता रहा है कि यूपी सहित देशभर में हो रहे तेज विकास को लेकर वे कितने उत्साहित हैं.
उन्होंने कहा कि आज जिस नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन हुआ है, वह डबल इंजन सरकार के प्रयासों और हमारी कार्य-संस्कृति का शानदार उदाहरण है. इससे पता चलता है कि युद्ध के वैश्विक संकट के बीच भी भारत निरंतर आगे बढ़ रहा है. हाल ही में हमारी सरकार ने उड़ान योजना को और विस्तार दिया है, जिसके तहत आने वाले वर्षों में छोटे-छोटे शहरों में 100 नए एयरपोर्ट और 200 नए हेलीपैड बनाने की योजना है. यूपी को भी इससे बहुत अधिक लाभ होगा.
पीएम मोदी ने कहा कि हमारी सरकार हवाई जहाजों की रखरखाव और मरम्मत यानी एमआरओ सुविधाओं को बहुत बड़े पैमाने पर भारत में ही विकसित करने में जुटी है. इससे देश को कमाई भी होगी और युवाओं को अनेक रोजगार भी मिलेंगे. विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए हमारी सरकार आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर अभूतपूर्व निवेश कर रही है. मेट्रो और वंदे भारत जैसी ट्रेनें और बंदरगाहों की क्षमता का विस्तार इसी का सुपरिणाम है.
About the Author

Sandeep Kumar | Senior Assistant Editor, News18 Hindi…
I currently serve as a Senior Assistant Editor at News18 Hindi, leading State & Local18 operations across Uttar Pradesh, Uttarakhand, Delhi, Himachal …और पढ़ें