UP News LIVE: नेताजी की जयंती पर लखनऊ से बरेली तक गूंजा सायरन, गाजीपुर में भिड़े अफजाल अंसारी, अयोध्या में बसंत पंचमी का उल्लास
Last Updated:
UP Breaking News Today Live: आज पूरा देश आजादी के महानायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती को ‘पराक्रम दिवस’ के रूप में मना रहा है. उत्तर प्रदेश में इस अवसर पर श्रद्धा और सुरक्षा का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है. एक तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजधानी लखनऊ में नेताजी को नमन किया, वहीं दूसरी ओर शाम को प्रदेश के सभी 75 जिलों में हवाई हमलों से निपटने के लिए एक महा-मॉक ड्रिल (ब्लैकआउट) आयोजित की जा रही है. इसके साथ ही गाजीपुर में राजनीतिक गहमागहमी और अयोध्या में बसंत पंचमी के पावन स्नान की धूम है.
गाजीपुर: पुलिस अफसरों से भिड़े सपा सांसद अफजाल अंसारी
गाजीपुर में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. सपा सांसद अफजाल अंसारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह पुलिस अधिकारियों से तीखी बहस करते नजर आ रहे हैं. सांसद अफजाल अंसारी ‘दिशा’ की बैठक में शामिल होने जा रहे थे, तभी पुलिस ने उनकी गाड़ी रोक दी. गाड़ी रोके जाने से नाराज सांसद सड़क पर ही अफसरों से उलझ गए और उनके बीच काफी देर तक नोंकझोंक हुई.
हमीरपुर: पागल सियार का आतंक, महिला लहूलुहान
हमीरपुर के सरीला क्षेत्र के खेड़ा शिलाजीत गांव में एक पागल सियार ने खेत में काम कर रही बुजुर्ग महिला पर जानलेवा हमला कर दिया. सियार ने महिला के दोनों हाथों को बुरी तरह काट लिया है. शोर मचाने पर सियार भाग निकला. घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और वन विभाग की टीम सियार की तलाश में जुटी है.
बरेली: सिविल डिफेंस ने दिखाया ‘रेस्क्यू ऑपरेशन’ का दम
बरेली कलेक्ट्रेट परिसर में देर रात सिविल डिफेंस के कार्यकर्ताओं ने मॉक ड्रिल के जरिए लोगों को हैरत में डाल दिया. हवाई आतंकी हमले के बाद जगह-जगह धमाके और पूरे शहर में ब्लैकआउट का सीन क्रिएट किया गया. छतों पर फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला गया और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया. प्रशासन ने अपील की है कि आपात स्थिति में घबराएं नहीं और घरों की खिड़कियों पर काले पर्दे या कागज का प्रयोग करें.
अयोध्या: बसंत पंचमी पर सरयू में आस्था की डुबकी
राम नगरी अयोध्या में आज बसंत पंचमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है. कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था भारी पड़ी. सरयू तट पर सुबह से ही भक्तों का सैलाब उमड़ा हुआ है. चौथे प्रमुख स्नान पर्व को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं.
पराक्रम दिवस: नेताजी को नमन और लखनऊ में ब्लैकआउट ड्रिल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज सुबह 9:30 बजे लखनऊ के हजरतगंज स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. हवाई हमलों जैसी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए मुख्यमंत्री के निर्देश पर आज शाम 6 बजे प्रदेशव्यापी ‘ब्लैकआउट मॉक ड्रिल’ होगी. बता दें कि लखनऊ पुलिस लाइन में CM योगी खुद इस ड्रिल का निरीक्षण करेंगे. NDRF, SDRF, पुलिस बल और अन्य विभाग इसमें शामिल होंगे. सायरन बजते ही लाइटें बंद कर दी जाएंगी. पुलिस लाइन में गोला-बारूद और फायर के साथ युद्ध जैसी स्थिति का कृत्रिम माहौल तैयार कर जनता को जागरूक किया जाएगा.
About the Author

राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें