कानपुर जू में जानवरों को नहीं सताएगी गर्मी, जानिए क्या हैं खास इंतजाम
Last Updated:
कानपुर प्राणी उद्यान में भीषण गर्मी से बचाने के लिए वन्यजीवों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. बाड़ों में स्प्रिंकलर, पानी और छांव की व्यवस्था के साथ खानपान में भी बदलाव किया गया है. तरबूज, खीरा जैसे वॉटर कंटेंट वाले खाद्य पदार्थ दिए जा रहे हैं, जिससे जानवर स्वस्थ और सक्रिय बने हुए हैं.
कानपुर तेज धूप और बढ़ते तापमान ने जहां लोगों की परेशानी बढ़ा दी है, वहीं कानपुर प्राणी उद्यान में वन्यजीवों को गर्मी से बचाने के लिए खास इंतजाम किए गए हैं. चिड़ियाघर प्रशासन ने जानवरों की सेहत को ध्यान में रखते हुए उनके बाड़ों में ठंडक पहुंचाने से लेकर खानपान तक हर चीज में बदलाव किया है. इसका असर यह है कि भीषण गर्मी के बीच भी जानवर सामान्य और सक्रिय नजर आ रहे हैं.प्राणी उद्यान के डॉक्टर डॉ. नासिर ने बताया कि गर्मी के मौसम में कुछ वन्यजीवों को ज्यादा परेशानी होती है. खासतौर पर हिप्पो, हिरण, बंदर और कुछ पक्षियों पर गर्मी का असर जल्दी पड़ता है. ऐसे में उनके लिए अलग-अलग तरीके से राहत की व्यवस्था की गई है ताकि उन्हें किसी तरह की दिक्कत न हो.
बाड़ों में स्प्रिंकलर, पानी और छांव का इंतजाम
चिड़ियाघर के कई बाड़ों में स्प्रिंकलर लगाए गए हैं. इनके जरिए समय-समय पर पानी की फुहार छोड़ी जाती है, जिससे वातावरण ठंडा बना रहता है. जिन जानवरों को पानी पसंद है, उनके लिए छोटे तालाब और पानी भराव की व्यवस्था भी की गई है. पेड़ों और शेड के नीचे अतिरिक्त छांव बनाई गई है ताकि जानवर तेज धूप से बच सकें.हिप्पो जैसे जानवरों के लिए पानी सबसे जरूरी माना जाता है. डॉक्टर नासिर ने बताया कि हिप्पो गर्मी में सबसे ज्यादा परेशान होते हैं, इसलिए उनके तालाब का पानी साफ रखा जा रहा है और समय-समय पर बदला भी जा रहा है.
खाने में बदला मेन्यू, दिए जा रहे तरबूज-खीरा
गर्मी को देखते हुए जानवरों के खाने में भी बदलाव किया गया है. अब उन्हें वॉटर कंटेंट वाले फल और सब्जियां ज्यादा दी जा रही हैं. तरबूज, खीरा, ककड़ी और अन्य रसदार चीजें दी जा रही हैं, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो. साथ ही जरूरी सप्लीमेंट्स भी दिए जा रहे हैं, जिससे उनकी ताकत बनी रहे. विशेषज्ञों के मुताबिक गर्मियों में जानवरों के शरीर में डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए हर बाड़े में पीने के साफ पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है. कर्मचारियों को भी लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए हैं.
लोगों के लिए भी राहत, बैठने और पानी की सुविधा
चिड़िया घर घूमने आने वाले लोगों के लिए भी गर्मी से राहत के इंतजाम किए गए हैं. जगह-जगह पेयजल की व्यवस्था, छायादार स्थान और बैठने की सुविधा दी गई है. कई स्थानों पर कूलर और पंखों की व्यवस्था भी की गई है, ताकि परिवार के साथ आने वाले लोग आराम से घूम सकें. गर्मी की छुट्टियों में बड़ी संख्या में लोग चिड़ियाघर पहुंचते हैं. ऐसे में प्रशासन चाहता है कि जानवरों के साथ-साथ दर्शकों को भी परेशानी न हो. यही वजह है कि इस बार पहले से ज्यादा तैयारी की गई है.
About the Author
विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें