यूपी न्यूज लाइव: कानपुर में कपड़ों के गोदाम में भयंकर आग, तो वहीं कौशांबी में शादी समारोह में हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल
Last Updated:
UP Live News Hindi: आपको शहर और उसके आस-पास की बड़ी खबरों के अलावा अलग-अलग स्थानों पर होने वाले घटनाक्रमों के बारे में भी सब पढ़ने को मिलेगा, तो जुड़े रहिए न्यूज 18 के साथ…
CM Yogi: सीएम योगी आज हरियाणा दौरे पर

लखनऊ से आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हरियाणा दौरा तय है, जहां वे धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था से जुड़े एक महत्वपूर्ण आयोजन में हिस्सा लेंगे. हरियाणा के झज्जर जनपद में आयोजित आठमान का भव्य भंडारा और मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में उनकी विशेष उपस्थिति रहने वाली है. कार्यक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर व्यापक तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है.
Varanasi News: वाराणसी में पुलिस और गौ-तस्कर के बीच मुठभेड़
वाराणसी में बीती रात अपराध पर नकेल कसने के लिए चल रही पुलिस चेकिंग अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट में बदल गई. थाना फूलपुर क्षेत्र के सिंधुरिया रोड पर एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी गई. मौके की गंभीरता देखते हुए पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिससे मुठभेड़ शुरू हो गई. फायरिंग के दौरान कुख्यात गौ-तस्कर अभिषेक यादव उर्फ गोलू गोली लगने से घायल हो गया. पुलिस ने घायल अवस्था में उसे तुरंत दबोचा और इलाज के लिए अस्पताल भेजा. यह बदमाश गैंगस्टर एकड़ समेत कई गौ-तस्करी मामलों में वांछित चल रहा था. मौके से पुलिस को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद हुए. पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क और बाकी सहयोगियों की तलाश में जुट गई है.
Kanpur News: कपड़ों के गोदाम में भीषण आग
यूपी के कानपुर के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक कपड़े के गोदाम में बीती रात भीषण आग लग गई. आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठती देख इलाके में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद करीब एक दर्जन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है. घटना में लाखों का माल जलकर राख हो गया. यह घटना बाबूपुरवा थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर इलाके की बताई जा रही है.
Kaushambi News: शादी में हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल
कौशांबी में एक शादी समारोह के दौरान आधा दर्जन असलहों से जमकर हर्ष फायरिंग की गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में नाबालिग लड़का समेत कई लोग फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं. दूल्हे के रथ से भी कई राउंड फायरिंग की गई और नोट भी लुटाए गए. बताया जा रहा है कि यह शादी ग्राम प्रधान मोहम्मद साजिद के भतीजे की थी, जहां साजिद और उसके करीबी लोग फायरिंग करते देखे गए. पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज करते हुए कई लोगों को हिरासत में लिया है और दो लाइसेंसी रायफलें ज़ब्त की हैं. यह मामला चरवा थाना क्षेत्र के सिरियावा कला गांव का है.
About the Author

न्यूज18 हिंदी डिजिटल में कार्यरत. उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल और हरियाणा की पॉलिटिक्स और क्राइम खबरों में रुचि. वेब स्टोरी और AI आधारित कंटेंट में रूचि. राजनीति, क्राइम, मनोरंजन से जुड़ी खबरों को लिखने मे…और पढ़ें