लाखों रुपए खर्च करने की जरूरत नहीं.. यूपी के इस अस्पताल में सिर्फ 1 रुपए में दूर होगा मोटापा, जानिए कैसे?
Last Updated:
Kanpur Hallett Hospital News: कानपुर के हैलट अस्पताल में बैरियाट्रिक सर्जरी फिर से शुरू हो रही है, जिससे 18 जिलों के मोटापे से जूझ रहे मरीजों को मुफ्त इलाज मिलेगा. सिर्फ मरीजों को ₹1 का पर्चा बनवाना पड़ेगा. इस …और पढ़ें
हैलट अस्पताल
हाइलाइट्स
- कानपुर के हैलट अस्पताल में बैरियाट्रिक सर्जरी फिर से शुरू.
- सिर्फ ₹1 में मोटापा दूर करने की सुविधा.
- 18 जिलों के मरीजों को मिलेगा मुफ्त इलाज.
अखंड प्रताप सिंह/ कानपुर: कानपुर और प्रदेश के लगभग 18 जनपदों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है, ऐसे लोग जो अत्यधिक मोटापे से जूझ रहे हैं अब सर्जरी करके उनके मोटापे को दूर किया जाएगा. इसके लिए उन्हें ना तो दिल्ली मुंबई जैसे बड़े शहरों के चक्कर लगाने पड़ेंगे. न ही लाखों रुपए खर्च करने पड़ेंगे. कानपुर के हैलट अस्पताल में एक बार फिर बैरियाट्रिक सर्जरी शुरू होने जा रही है. यह सर्जरी उन लोगों के लिए है, जो मोटापे से परेशान हैं और इससे जुड़ी बीमारियों का शिकार हो रहे हैं. खास बात यह है कि यह ऑपरेशन प्राइवेट अस्पतालों में बहुत महंगा पड़ता है, लेकिन कानपुर के हैलट अस्पताल में यह बिल्कुल फ्री होगा. सिर्फ मरीजों को ₹1 का पर्चा बनवाना पड़ेगा. इस पर्चे पर पूरा इलाज होगा.
बड़े शहरों में लाखों का खर्च, यहां इलाज मुफ्त:
प्राइवेट अस्पतालों में बैरियाट्रिक सर्जरी कराने में 3 से 5 लाख रुपये तक का खर्च आता है. कई बड़े अस्पतालों में यह खर्च और भी ज्यादा हो सकता है. लेकिन हैलट में मरीजों को यह इलाज फ्री में मिलेगा, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को बहुत फायदा होगा. मरीज को सिर्फ ₹1 का मेडिकल पर्चा यहां पर बनवाना होता है जिसके बाद यहां पर पूरा इलाज निशुल्क दिया जाता है.
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभागाध्यक्ष प्रो. जीडी यादव ने बताया कि पहले यहां 12 मरीजों की बैरियाट्रिक सर्जरी हो चुकी है और उनके नतीजे बहुत अच्छे रहे हैं. कुछ समय के लिए यह सर्जरी बंद थी, लेकिन अब इसे फिर से शुरू किया जा रहा है.
18 जिलों के मरीजों को सीधा फायदा
कानपुर के गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल कॉलेज द्वारा संचालित हैलट अस्पताल सिर्फ कानपुर के लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि आसपास के 18 जिलों के मरीजों के लिए भी बहुत बड़ा सहारा है. फर्रुखाबाद, इटावा, उन्नाव, कन्नौज, हरदोई, फतेहपुर, बांदा, जालौन, हमीरपुर समेत कई जिलों के मरीज यहां इलाज करवाने आते हैं. बैरियाट्रिक सर्जरी शुरू होने से इन जिलों के जरूरतमंद मरीजों को महंगे इलाज के लिए बड़े शहरों में नहीं जाना पड़ेगा.
मोटापे से होने वाली दूसरी बीमारियां भी होंगी ठीक
बैरियाट्रिक सर्जरी सिर्फ वजन घटाने के लिए नहीं होती, बल्कि यह उन बीमारियों को भी ठीक करने में मदद करती है, जो मोटापे की वजह से होती हैं. डॉक्टरों का कहना है कि इस सर्जरी के बाद मरीजों की लिवर, किडनी और नसों की समस्याओं में सुधार देखा गया है. प्रो. यादव ने बताया कि पहले जिन मरीजों की सर्जरी की गई थी, वे सिर्फ मोटापे की परेशानी लेकर नहीं आए थे, बल्कि उन्हें दूसरी बीमारियां भी थीं. जब उन्हें बैरियाट्रिक सर्जरी कराई गई, तो उनकी सेहत में बहुत सुधार हुआ.
मॉडर्न ओटी और लेप्रोस्कोपिक तकनीक का इस्तेमाल
इस सर्जरी को आसान और सुरक्षित बनाने के लिए हैलट अस्पताल में मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी)बनाया गया है. साथ ही, लेप्रोस्कोपिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे मरीज को कम दर्द होता है और जल्दी ठीक हो जाता है.बैरियाट्रिक सर्जरी के बाद मरीजों को सही सलाह और देखभाल देने के लिए पीएमआर विभाग में काउंसलिंग सेशन होगा. इसमें बताया जाएगा कि उन्हें खाने-पीने और लाइफस्टाइल में क्या बदलाव करने चाहिए, ताकि वे लंबे समय तक हेल्दी रह सकें.
Kanpur,Kanpur Nagar,Uttar Pradesh
February 28, 2025, 06:36 IST