अखिलेश यादव का बयान: अमेरिका को नहीं छोड़ सकते, पड़ोसी देशों पर भरोसा….
कन्नौज: अपने संसदीय क्षेत्र कन्नौज पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने डोनाल्ड ट्रंप से दोस्ती और चीन से संबंधों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि दोस्ती इसलिए है कि बीजेपी की सरकार है और वह देश के पीएम हैं.
चीन पर निशाना
रूस और चीन से संबंधों पर अखिलेश यादव ने कहा कि जिन देशों से आप संबंध अच्छे बनाने जा रहे हैं, वे आपकी जमीन पर बुरी नजर रखते हैं. उनसे हमेशा सावधान रहना चाहिए. उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान से कम, चीन से ज्यादा मुकाबला करना पड़ा.”
अमेरिका से संबंध
अखिलेश यादव ने कहा कि अमेरिका से संबंध अच्छे होने चाहिए, वहां लोग बड़े-बड़े सपने देखते हैं और उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत करते हैं. यही वजह है कि अमेरिका हर क्षेत्र में आगे है और उससे भारत को मजबूत व्यापारिक संबंध बनाने चाहिए.
संविदा बिजली कर्मी के परिजनों से मुलाकात
अखिलेश यादव कन्नौज के ठठिया गांव में संविदा बिजली कर्मी ब्रजेश राठौर के घर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की. उन्होंने मृतक के परिजनों को पार्टी की ओर से 2 लाख रुपये की मदद देने का ऐलान किया. साथ ही योगी सरकार से मृतक की पत्नी और भाई को नौकरी देने की मांग की.
सरकार और पुलिस पर हमला
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि ब्रजेश राठौर की मौत बिजली विभाग की लापरवाही से हुई. उन्होंने कहा कि सरकार जहां मदद करनी चाहिए, वहां अन्याय कर रही है. पुलिस पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने पुलिस को ऐसा बना दिया है कि वर्दी देखते ही लोग डर और छिप जाते हैं. उन्होंने इसे “सोती हुई सरकार” करार दिया और कहा कि इससे गरीबों को न्याय नहीं मिलेगा.
जीएसटी और चुनाव आयोग पर टिप्पणी
जीएसटी में राहत के ऐलान पर अखिलेश यादव ने कहा कि इससे गरीबों को कोई लाभ नहीं मिल रहा, जब तक मुनाफाखोरी कम नहीं होगी तब तक राहत नहीं मिलेगी. वहीं, मंत्री नसीम अरुण के वोट चोरी के आरोपों पर उन्होंने पलटवार किया कि अगर समाजवादियों ने वोट चोरी की थी तो उस समय के अफसरों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई. उन्होंने चुनाव आयोग को “भाजपा का जुगाड़ आयोग” बताया.
अमित मालवीय पर तंज
अमित मालवीय के राहुल गांधी पर किए गए ट्वीट पर अखिलेश यादव ने कहा – “इसकी शक्ल भी तो देखो, इसके ट्वीट पर क्या कहना.”
अखिलेश यादव ने आश्वासन दिया कि सरकार बनने पर पीड़ित परिवार की पूरी मदद की जाएगी.