आगरा के लोहामंडी बाजार का वो 8 रहस्यमय इतिहास, जिसे जानकर रह जाएंगे हैरान
Last Updated:
Agra News: आगरा के ऐतिहासिक लोहामंडी बाजार के 8 अनसुने रहस्यों को जानिए. यह बाजार मुगलकाल से ही लोहे के व्यापार का केंद्र रहा है और आज भी अपनी पहचान बनाए हुए है. लोहामंडी के इतिहास को मुगल बादशाह अकबर के शासनकाल से जोड़कर देखा जाता है.
आगरा से जुड़ा इतिहास आज भी यहां की कहानियों को बयां करता है. आज हम आपको आगरा के एक ऐसे प्राचीन बाजार के बारे में बताने जा रहे, जो मुगलकाल से मशहूर है. हम बात कर रहे हैं आगरा के लोहामंडी बाजार की. दरअसल लोहामंडी के इतिहास को मुगल बादशाह अकबर के शासनकाल से जोड़कर देखा जाता है. सन 1576 के हल्दीघाटी युद्ध के बाद अकबर की सेना से जुड़े गढ़िया लुहारों के आगरा आने और यहां बसने की कहानी मशहूर है. इतिहासकार ने कहा कि इन कारीगरों ने लोहे के हथियार बनाने का काम शुरू किया. धीरे-धीरे यह क्षेत्र लोहे के काम और कारोबार के लिए प्रसिद्ध हुआ और इसी वजह से इसका नाम लोहामंडी पड़ा.
आगरा के लोहामंडी में तैयार होने वाले लोहे के हथियारों की प्रसिद्धि केवल आगरा या भारत तक सीमित नहीं थी. इतिहासकार अनुराग पालीवाल ने कहा कि यहां बनने वाले हथियारों की मांग एशिया के साथ यूरोप तक थी. मुगल दौर में आगरा आने वाले फ्रांसीसी यात्री बर्नियर के संदर्भ में भी लोहामंडी के हथियारों का जिक्र मिलता है. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि उस समय यहां के कारीगरों की कुशलता और लोहे के काम की कितनी प्रतिष्ठा थी.
आगरा के वरिष्ठ पत्रकार अनुराग पालीवाल ने कहा कि लोहामंडी की पहचान केवल बाजार के रूप में नहीं, बल्कि कारीगरी और व्यापार की पुरानी परंपरा के रूप में भी देखी जाती है. मुगलकाल में आगरा एशिया के महत्वपूर्ण व्यापारिक केंद्रों में था. यहां दरी-गलीचे, शॉल, मसाले, सूती वस्त्र और लोहे के हथियारों सहित कई वस्तुओं का कारोबार होता था. अलग-अलग वस्तुओं के व्यापार के लिए बनी मंडियों ने आगरा की आर्थिक गतिविधियों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी.
Add News18 as
Preferred Source on Google
आगरा के इतिहासकार अनुराग पालीवाल ने कहा कि समय के साथ लोहामंडी के कारोबार में भी बड़ा बदलाव आया. अंग्रेजी शासन के दौरान आधुनिक हथियारों और बंदूकों का इस्तेमाल बढ़ने लगा, जिससे पारंपरिक लोहे के हथियारों की मांग पहले जैसी नहीं रही. इसके बाद यहां लोहे की जाली, दरांती और रोजमर्रा के उपयोग की दूसरी वस्तुएं बनने लगीं. पुराने कारीगरों की तकनीक धीरे-धीरे बदलते बाजार के साथ जुड़ती गई और लोहामंडी ने अपनी व्यापारिक पहचान को नए रूप में बनाए रखा.
इतिहासकार अनुराग पालीवाल ने बताया कि वर्तमान में लोहामंडी केवल लोहे की दुकानों तक सीमित नहीं रहा है, अब यहां लोहे से जुड़े सामान के साथ परचून, स्टेशनरी, कपड़े, सब्जी और दूसरी जरूरतों की दुकानें भी दिखाई देती हैं. उन्होंने कहा कि बाजार में लोहे के सामान की बड़ी संख्या में दुकानों और कारखानों बने हुए है. कड़ाही, जाल, शटर और अन्य लोहे के सामान का कारोबार आज भी इस इलाके की पुरानी पहचान को जीवित रखे हुए है.
आगरा के वरिष्ठ इतिहासकार अनुराग पालीवाल ने बताया कि लोहामंडी का महत्व केवल व्यापार की वजह से नहीं है, बल्कि यह आगरा के पुराने शहरी विस्तार और बाजार संस्कृति की कहानी भी बताती है. उन्होंने कहा कि मुगलकाल में अलग-अलग वस्तुओं के नाम पर बसाई गई मंडियों के नाम आज तक कई इलाकों की पहचान बने हुए हैं. लोहामंडी भी उसी परंपरा की महत्वपूर्ण कड़ी है. समय के साथ यहां कारोबार का स्वरूप बदलता रहा, मगर बाजार का नाम और उससे जुड़ी ऐतिहासिक स्मृतियां आज भी लोगों के बीच मौजूद हैं.
इतिहासकार ने कहा कि आधुनिक समय में लोहामंडी आगरा के प्रमुख व्यापारिक बाजारों में गिना जाता है. यहां लोहे के भारी सामान से लेकर निर्माण कार्यों में इस्तेमाल होने वाली कई तरह की अलग-अलग वस्तुओं तक का कारोबार होता है. इसे शहर का बड़ा लोहा बाजार बताया गया जाता है. दूसरे राज्यों से सरिया, गार्डर, एंगल और शीट जैसे उत्पाद आगरा पहुंचते हैं. उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि सदियों पुरानी लोहे की व्यापारिक पहचान आज भी शहर की पहचान बनाये हुए है.
अनुराग पालीवाल ने कहा कि लोहामंडी की सबसे बड़ी खासियत यही है कि यह इतिहास और वर्तमान का अनोखा मिश्रण है. कभी यहां शाही जरूरतों के लिए हथियार और लोहे की वस्तुएं तैयार होने की परंपरा रही, तो आज निर्माण और घरेलू जरूरतों के सामान का बड़ा कारोबार होता है. मुगलकालीन बाजार व्यवस्था से निकली यह पहचान समय की कई करवटों के बावजूद कायम है. आगरा आने वाला व्यक्ति अगर शहर के पुराने बाजारों और उनकी व्यापारिक विरासत को समझना चाहता है, तो लोहामंडी उसके लिए इतिहास का जीवंत अध्याय साबित होती है.