आगरा में भीड़ से दूर शांति की तलाश? चले आइए इस छुपी हुई जगह में जहां आपको मिलेगा सुकून

0
आगरा में भीड़ से दूर शांति की तलाश? चले आइए इस छुपी हुई जगह में जहां आपको मिलेगा सुकून


Last Updated:

Must Visit Places in Agra: आगरा में कैलाश मंदिर रोड के पास यमुना किनारे स्थित यह हरा-भरा बाग अपनी प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण के लिए लोगों के बीच खास पहचान बना रहा है. चारों तरफ फैली हरियाली, फूलों की खुशबू और ठंडी हवा यहां आने वालों को सुकून का एहसास कराती है. बाग के बीचों-बीच मौजूद 11 विशाल वट वृक्ष और प्राचीन शिव मंदिर इस जगह को और भी खास बना देते हैं. यहां स्थित राजा की गुफा और मोनी बाबा की देखरेख में यह स्थान आज भी पूरी तरह स्वच्छ और सुंदर बना हुआ है. शहर की भागदौड़ और प्रदूषण से दूर यह बाग लोगों के लिए शांति और प्रकृति से जुड़ने की एक बेहतरीन जगह बन गया है.

आगरा: ताज नगरी आगरा अपनी ऐतिहासिक इमारतों के लिए तो दुनिया भर में प्रसिद्ध है, लेकिन शहर के ही एक कोने में कुदरत का एक ऐसा अनमोल खजाना छिपा है, जिसकी खूबसूरती हर किसी का मन मोह लेती है. कैलाश मंदिर रोड पर स्थित ‘राजा की गुफा’ बाग इन दिनों अपनी हरियाली, ठंडक और आध्यात्मिक शांति के लिए चर्चा में है. यमुना के किनारे होने की वजह से यहां की हवाओं में ऐसी ताजगी है, जो शरीर और मन दोनों को नई ऊर्जा से भर देती है. खास बात यह है कि शहर की भागदौड़ से दूर इस बाग में पक्षियों की चहचहाहट और यमुना की ठंडी लहरें एक अलग ही दुनिया का अहसास कराती हैं.

11 विशाल वट वृक्षों का चमत्कारिक नजारा
इस बाग की सबसे बड़ी खासियत यहां एक साथ लगे 11 विशाल वट वृक्ष हैं. पूजनीय माने जाने वाले इन पेड़ों का आकार इतना विशाल है कि इनकी बड़ी-बड़ी जटाएं जमीन को छू रही हैं. स्थानीय लोगों और यहां आने वाले पर्यटकों के लिए यह किसी चमत्कार से कम नहीं है कि एक ही जगह पर इतने विशालकाय बरगद के पेड़ मौजूद हैं. इन पेड़ों की घनी छाया के नीचे बैठकर लोग घंटों शांति का अनुभव करते हैं.

मोनी बाबा की मेहनत से महक रहा है बाग
इस खूबसूरत स्थान को संवारने का पूरा श्रेय यहां के ‘मोनी बाबा’ को जाता है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि बाबा ने यहां लगे एक-एक पौधे को बच्चों की तरह पाला है. उनकी सालों की देखरेख और सफाई के कारण ही आज यहां सुंदर फूलों और औषधीय पौधों का भंडार है. वर्तमान में मोनी बाबा काफी बुजुर्ग हो चुके हैं और पास ही के एक आश्रम में प्रभु भक्ति और संध्या साधना में लीन रहते हैं.

युवाओं और स्थानीय लोगों की पहली पसंद
बाग में घूमने आए अभय सिंह चौधरी बताते हैं कि यह स्थान शुद्ध वातावरण और मिट्टी की सौंधी खुशबू के लिए जाना जाता है. उन्होंने कहा कि शाम को जैसे ही वे काम से फ्री होते हैं, यहां जरूर आते हैं. यहां की शुद्ध हवा और फूलों की महक मन को प्रसन्न कर देती है. यहां न तो गाड़ियों का शोर है और न ही किसी तरह का प्रदूषण. यमुना किनारे होने के कारण गर्मियों में भी यहां जबरदस्त ठंडक बनी रहती है.

About the Author

Seema Nath

सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *