‘आपको सवाल उठाने का हक नहीं’, अखिलेश पर योगी के मंत्री का हमला, कहा- वक्फ पर कुछ बोलो
Last Updated:
Sanjay Nishad News : अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मुद्दा उठाकर सपा मुखिया घिरते दिख रहे हैं. अखिलेश यादव के बारे में योगी आदित्यनाथ टिप्पणी का मंत्री संजय निषाद ने समर्थन किया है. संजय निषाद ने कहा कि यह सुझाव सही है कि अगर आप किसी मुद्दे पर आवाज उठा रहे हैं, तो पहले आपको उस विचारधारा में आस्था रखनी चाहिए, उससे जुड़ना चाहिए. अगर आप उस विचारधारा से जुड़े ही नहीं हैं, तो आपको उस पर सवाल उठाने का कोई अधिकार नहीं है.
योगी सरकार के मंत्री डॉ. संजय निषाद ने अखिलेश यादव के सवालों पर सवाल उठाया है.
लखनऊ. समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बारे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ टिप्पणी का मंत्री संजय निषाद ने समर्थन किया है. योगी कैबिनेट में मंत्री संजय निषाद ने कहा, ‘हम मुख्यमंत्री के बयान का समर्थन करते हैं. यह सुझाव सही है कि अगर आप किसी मुद्दे पर आवाज उठा रहे हैं, तो पहले आपको उस विचारधारा में आस्था रखनी चाहिए, दर्शन करना चाहिए और उससे जुड़ना चाहिए, तभी आपको कोई कदम उठाना चाहिए. अगर आप उस विचारधारा से जुड़े ही नहीं हैं, तो आपको उस पर सवाल उठाने का कोई अधिकार नहीं है.’
‘ये तुष्टिकरण की नीति’
मंत्री संजय निषाद ने कहा, ‘अगर आप (अखिलेश यादव) वक्फ बोर्ड पर सवाल नहीं उठाते, जो कुछ लोगों के नियंत्रण में है, और आप चर्चों और मस्जिदों के बारे में बात नहीं करते, बल्कि सिर्फ राम और राम मंदिर पर आवाज उठाते हैं, तो इसे ही तुष्टिकरण की नीति कहा जाता है.’ दिल्ली में राहुल गांधी को ‘लापता’ बताने वाले पोस्टर लगाए जाने पर मंत्री संजय निषाद ने कहा कि अगर वे सच में राजनीतिक नेता होते, तो वे भारत के लोगों से जुड़े रहते, जनता की आवाज बनते, राजनीतिक रूप से उनकी सेवा करते और पिछड़े वर्गों, दलितों, शोषितों और वंचितों के मुद्दे उठाते, न कि ऐसे समय में गायब हो जाते.’
क्या बोले थे अखिलेश
अयोध्या राम मंदिर में कथित चंदा चोरी पर अखिलेश यादव पहले दिन से हमलावर हैं. इसी क्रम में उन्होंने कहा था कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में लौटती है तो वे अयोध्या को ‘धार्मिक शहर’ के तौर पर विकसित करेंगे. उनके इस वादे पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा था, ‘मैं समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष का एक बयान पढ़ रहा था. उन्होंने कहा कि अगर उनकी सरकार आती है, तो वे अयोध्या को धार्मिक शहर बनाएंगे. आप कैसा धार्मिक शहर बनाएंगे? जरा अपने इतिहास पर तो नजर डालिए. आपकी सरकार ने राम भक्तों पर गोलियां चलवाई थीं. अयोध्या का कायाकल्प भक्तों और मोदी सरकार की कोशिशों से ही संभव हो पाया है.’
About the Author

प्रियांशु गुप्ता बीते 10 साल से भी ज्यादा समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म का ककहरा सीख अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. य…और पढ़ें