कांवड़ यात्रा: गाजियाबाद से हरिद्वार-ऋषिकेश का सफर होगा शिवमय, चलेंगी 200 बसें

0
कांवड़ यात्रा: गाजियाबाद से हरिद्वार-ऋषिकेश का सफर होगा शिवमय, चलेंगी 200 बसें


Last Updated:

Kanwar Yatra Ghaziabad Roadways Bus: इस बार सावन और कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले शिवभक्तों का सफर न सिर्फ सुगम होगा, बल्कि पूरी तरह शिवमय भी रहेगा. उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (UPRTC) ने कांवड़ियों की आस्था को ध्यान में रखते हुए एक विशेष पहल की है, जिसके तहत गाजियाबाद रीजन से चलने वाली सभी रोडवेज बसों में पूरे रास्ते भगवान भोलेनाथ के मधुर भजन गूंजेंगे. इसके साथ ही, श्रद्धालुओं की सुरक्षित और निर्बाध यात्रा के लिए गाजियाबाद रीजन में 200 विशेष बसें उतारी जा रही हैं और 24×7 निगरानी के लिए एक समर्पित कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जा रहा है.

Kanwar Yatra Ghaziabad Roadways Bus: गाजियाबाद रीजन की ओर से कांवड़ यात्रा के लिए कुल 200 रोडवेज बसें आरक्षित की गई हैं. इन बसों का संचालन 30 जुलाई से शुरू कर दिया जाएगा. यह बसें गाजियाबाद रीजन के कौशांबी, साहिबाबाद, लोनी, गाजियाबाद, हापुड़, खुर्जा, बुलंदशहर और सिकंदराबाद डिपो से हरिद्वार और ऋषिकेश के लिए चलाई जाएंगी. बड़ी संख्या में श्रद्धालु इन्हीं बसों के जरिए गंगाजल लेने के लिए रवाना होंगे.

हर बस में दुरुस्त होंगे साउंड सिस्टम, लगेंगे महादेव के स्टीकर
परिवहन निगम ने सभी डिपो के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि जिन बसों में साउंड सिस्टम लगे हैं, उन्हें पूरी तरह दुरुस्त किया जाए. जिन बसों में साउंड सिस्टम नहीं हैं या खराब पड़े हैं, उन्हें तत्काल ठीक कराया जाएगा ताकि हर बस में सफर के दौरान भोलेनाथ के भजन सुनाई दें. अधिकारियों का मानना है कि भजनों से यात्रियों में ऊर्जा और उत्साह बना रहेगा.

इसके अलावा, यात्रियों की सहूलियत के लिए प्रत्येक डिपो पर हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाली बसों के लिए अलग प्लेटफॉर्म निर्धारित किए जाएंगे. पूछताछ केंद्र पर बसों की पूरी सूची लगाई जाएगी ताकि श्रद्धालुओं को बस खोजने में कोई परेशानी न हो. श्रद्धालुओं की पहचान के लिए बसों पर भगवान शिव और महादेव के स्टीकर भी चिपकाए जाएंगे.

1 से 8 अगस्त तक चालू रहेगा 24×7 विशेष कंट्रोल रूम
कांवड़ यात्रा के सुचारू संचालन और निगरानी के लिए परिवहन निगम की ओर से एक विशेष कंट्रोल रूम भी बनाया जा रहा है. यह कंट्रोल रूम 1 अगस्त से 8 अगस्त तक लगातार (24 घंटे) संचालित रहेगा, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों की रोस्टर के हिसाब से ड्यूटी लगाई जाएगी. कंट्रोल रूम से बसों के संचालन, यात्रियों की सुविधा, किसी भी तकनीकी खराबी और अन्य समस्याओं पर लगातार नजर रखी जाएगी. यदि किसी मार्ग पर बस से जुड़ी कोई दिक्कत आती है, तो उसका तुरंत समाधान किया जाएगा.

केवल यात्रा नहीं, भक्ति का विशेष अनुभव देगा परिवहन निगम
परिवहन निगम के अधिकारियों का कहना है कि इस बार केवल बसों की संख्या बढ़ाने पर ही नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं को बेहतर, सुगम और सुरक्षित यात्रा का अनुभव देने पर विशेष जोर दिया गया है. बसों में बजने वाले भोलेनाथ के भजन पूरे सफर को शिवमय बना देंगे. ऐसे में हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले कांवड़ियों के लिए इस बार रोडवेज का सफर सिर्फ एक यात्रा नहीं, बल्कि भक्ति का एक अलौकिक अनुभव साबित होगा.

About the Author

Rahul Goel

राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…

और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *