कानपुर की इस सोसाइटी का बेसमेंट धंसा, डरे-सहमे लोगों ने बताया मंजर
Last Updated:
Kanpur News: यूपी के कानपुर में मूसलाधार बारिश के बाद एक सोसाइटी में अचानक बेसमेंट का हिस्सा धंस गया. फ्लैटों में रहने वाले लोग अपनी जान बचाकर भागने के लिए मजबूर हो गए और वहां अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया. आइए वहां के लोगों से बातचीत के बाद आपको पूरी घटना बताते हैं.
Kanpur: कानपुर शहर में शुक्रवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश अपने साथ एक बड़ा हादसा भी लेकर आई. काकादेव थाना क्षेत्र के पांडु नगर स्थित हार्मोनी विला सोसाइटी में अचानक बेसमेंट का एक हिस्सा भरभराकर ढह गया. तेज धमाके के साथ इमारत हिलने लगी, तो पूरे परिसर में चीख-पुकार मच गई. फ्लैटों में रह रहे लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर भागे. कुछ ही मिनटों में पूरी सोसाइटी के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई और हर तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
सूचना मिलते ही काकादेव पुलिस, फायर ब्रिगेड, नगर निगम और अन्य प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंच गईं. अधिकारियों ने बिना देर किए पूरी इमारत को खाली कराया और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 50 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. राहत की बात रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन कई परिवारों का सामान और वाहन मलबे में फंस गए.
मलबे में समा गए वाहन
बेसमेंट धंसते ही पार्किंग की जमीन भी बैठ गई. वहां खड़ी कई कारें और दोपहिया वाहन गहरे गड्ढे और मलबे में समा गए. क्रेन और अन्य मशीनों की मदद से वाहनों को निकालने का काम देर शाम तक चलता रहा. अपने घरों से बाहर निकले परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल था. कई लोग अपने फ्लैटों में जरूरी सामान तक नहीं निकाल सके. बच्चों और बुजुर्गों में भी दहशत साफ दिखाई दी.
मेट्रो निर्माण पर उठे सवाल, विधायक ने मांगी टेक्निकल जांच
हादसे के बाद सोसाइटी के लोगों ने आरोप लगाया कि आसपास चल रहे मेट्रो निर्माण कार्य की वजह से जमीन पहले से कमजोर हो चुकी थी. उनका कहना है कि लगातार खुदाई और शुक्रवार की तेज बारिश के कारण जमीन धंस गई और बेसमेंट की दीवार टूट गई. मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र मैथानी ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और अधिकारियों से पूरी जानकारी ली. उन्होंने बताया कि मेट्रो अधिकारियों से बातचीत की गई है. उनका कहना है कि इस घटना में उनकी कोई गलती नहीं है.
इसके बाद विधायक ने कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) की उपाध्यक्ष को फोन कर पूरे मामले की जानकारी दी. उन्होंने तकनीकी जांच के तत्काल आदेश दिए हैं और शाम तक जांच रिपोर्ट मांगी गई है. विधायक ने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. चाहे जिम्मेदारी मेट्रो की हो, केडीए की हो या फिर उस बिल्डर की, जिसने इमारत का निर्माण कराया हो, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा.
लोगों को अपने घरों की भी सताने लगी चिंता
इस हादसे के बाद सिर्फ हार्मोनी विला ही नहीं, आसपास के मोहल्लों में भी डर का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर एक इमारत के साथ ऐसा हो सकता है तो कहीं उनके घर भी खतरे में तो नहीं हैं. लोग लगातार अपने मकानों की स्थिति को लेकर चिंता जता रहे हैं और प्रशासन से इलाके की अन्य इमारतों की भी जांच कराने की मांग कर रहे हैं. फिलहाल पुलिस, नगर निगम और अन्य विभागों की टीमें मौके पर मौजूद हैं. इमारत को पूरी तरह खाली करा दिया गया है और तकनीकी विशेषज्ञ इसकी जांच में जुटे हैं. अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे साफ होगा कि इस हादसे के पीछे असली वजह क्या थी और इसकी जिम्मेदारी किसकी है.
About the Author
आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ल…और पढ़ें