कौन हैं IAS अस्मिता लाल, जिन्होंने किसानों के साथ खाया खाना?
Last Updated:
IAS Asmita Lal: यूपी के बागपत जिले की डीएम अस्मिता लाल का किसानों के साथ खाना खाने और ‘मटरू’ लंगूर को अपनी कुर्सी देने का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है. उनकी सादगी और संवेदनशीलता ने लोगों का दिल जीत लिया है. लोग उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं और उन्हें एक प्रेरणादायक अधिकारी बता रहे हैं.
अस्मिता लाल भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) की 2015 बैच की अधिकारी हैं.
IAS Asmita Lal: यूपी के बागपत जिले की जिलाधिकारी (DM) अस्मिता लाल इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में हैं. वजह है उनका सादगी भरा अंदाज और किसानों के प्रति सम्मान. दरअसल, किसान दिवस के मौके पर उन्होंने किसानों के साथ मिलकर खाना खाया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो गया. वीडियो वायरल होने के बाद लोग उनकी इस पहल की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
किसानों के साथ खाया खाना, लोग कर रहे जमकर तारीफ
बागपत के विकास भवन में आयोजित किसान दिवस के बाद डीएम अस्मिता लाल ने किसानों के साथ मिलकर खाना खाया. यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों ने इस पल का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोगों का कहना है कि एक अधिकारी का ऐसा व्यवहार बहुत कम देखने को मिलता है. कई यूजर्स ने तो यहां तक लिखा कि “लगता है डीएम साहिबा किसान की ही बेटी हैं.”
मीटिंग के दौरान ‘मटरू’ लंगूर की एंट्री
किसान दिवस की बैठक के दौरान एक दिलचस्प घटना भी देखने को मिली. बैठक चल ही रही थी कि अचानक ‘मटरू’ नाम का एक लंगूर वहां पहुंच गया. वह टेबलों से होता हुआ सीधे डीएम अस्मिता लाल के पास पहुंच गया. जैसे ही लंगूर उनकी कुर्सी के पास आया, डीएम तुरंत खड़ी हो गईं और मुस्कुराते हुए बोलीं – “बैठो, इधर बैठो”. इसके बाद लंगूर उनकी कुर्सी पर बैठ गया. यह मजेदार पल भी कैमरे में कैद हो गया और सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
कौन है ‘मटरू’ लंगूर?
दरअसल, मटरू कोई नया मेहमान नहीं है. वह अक्सर कलेक्ट्रेट परिसर में नजर आता रहता है और वहां के कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच जाना-पहचाना है. इससे पहले भी वह किसानों के धरने के दौरान डीएम के पास पहुंच चुका है. एक बार उसने डीएम का पल्लू पकड़ लिया था और किसानों के साथ बैठ गया था, जिससे वह और ज्यादा चर्चित हो गया.
कौन हैं IAS अस्मिता लाल?
अस्मिता लाल भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) की 2015 बैच की अधिकारी हैं. उनका जन्म 17 दिसंबर 1989 को दिल्ली में हुआ था. उन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रशासनिक सेवा की तैयारी की और साल 2015 में आईएएस बनीं. उन्होंने 7 सितंबर 2015 को अपनी सेवा शुरू की थी.
वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश के बागपत जिले की जिलाधिकारी और कलेक्टर के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने 18 जनवरी 2025 को बागपत में अपना पदभार संभाला था. अपनी सरल सोच, संवेदनशील व्यवहार और काम करने के तरीके की वजह से वह अक्सर चर्चा में रहती हैं.
लोगों के दिलों में बनाई खास जगह
अस्मिता लाल का यह व्यवहार दिखाता है कि वह सिर्फ एक अधिकारी ही नहीं, बल्कि लोगों की भावनाओं को समझने वाली इंसान भी हैं. किसानों के साथ बैठकर खाना खाना और एक जानवर के साथ भी सहज व्यवहार करना उनकी सरलता को दर्शाता है. यही वजह है कि लोग उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं.
About the Author

Kunal Jha is an experienced journalist with more than four years of experience in the field of journalism. He mainly writes articles related to education, careers, and jobs. His work includes covering UPSC Civi…और पढ़ें