क्या सोने में आने वाली है 40% की गिरावट? आप भी करना चाहते हैं गोल्ड में निवेश तो जानिए एक्सपर्ट की ये सलाह
आगरा: अमेरिका द्वारा हाल ही में लगाए गए टैरिफ के चलते शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली है, जिसका असर सोने और चांदी की कीमतों पर भी पड़ा है. हालांकि अमेरिका ने कुछ देशों से टैरिफ हटा भी लिए हैं, लेकिन इसके बावजूद सोने की कीमतों में गिरावट का दौर जारी है. इंटरनेट मीडिया पर इस संबंध में कई वीडियो वायरल हो रही हैं. जिनमें दावा किया जा रहा है कि विश्व मंदी के संकेत मिल रहे हैं और सोने की कीमतें 40 प्रतिशत तक गिर सकती हैं. इससे लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है कि सोने में निवेश कब किया जाए.
सोना खरीदने का क्या है सही समय?
न्यूज़18 लोकल से खास बातचीत में सर्राफा कमेटी के महामंत्री देवेंद्र गोयल ने स्पष्ट किया कि टैरिफ लगाने या हटाने का सोने की कीमत पर सीधा असर नहीं पड़ता. उन्होंने कहा कि सोने का कारोबार वैश्विक ट्रेड पर आधारित होता है और 40 फीसदी तक गिरावट की संभावना नहीं है. गोयल के अनुसार देश की अर्थव्यवस्था मजबूत है और सोने की कीमतों में भारी गिरावट की आशंका नहीं है. उन्होंने कहा कि जो लोग सोने के और सस्ता होने का इंतजार कर रहे हैं, उनके लिए यह समय बहुत अहम है. क्योंकि आगामी शादी के सीजन में सोने की कीमतों में फिर से उछाल आ सकता है. ऐसे में यह ग्राहकों के लिए एक सुनहरा मौका है.
बाजार में अस्थिरता, फिर भी बढ़ रही है खरीदारी !
सर्राफा कमेटी के अन्य सदस्यों ने बताया कि सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव के कारण बाजार में हलचल है. गिरती कीमतों के बाद खरीदारी में तेजी आई है. महिलाएं इस समय लाइटवेट ज्वेलरी जैसे मांग टीका, हार, कंगन, नथ, अंगूठी, झुमके, कुंडल और मंगलसूत्र की खरीदारी कर रही हैं. लोगों को लग रहा है कि यह निवेश का सही समय है.
अमेरिका की टैरिफ नीति का असर !
बाजार विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिका द्वारा टैरिफ लागू करने के बाद चांदी की कीमत ₹1,00,000 प्रति किलोग्राम से गिरकर ₹97,100 हो गई, जबकि सोना भी ₹90,000 प्रति 10 ग्राम के करीब पहुंच गया. हालांकि इस गिरावट के बावजूद बाजार में खरीदारों की संख्या में इज़ाफा हो रहा है.
वर्तमान कीमतें (11 अप्रैल, 2025 को) !
24 कैरेट सोना: ₹9,085.3 प्रति ग्राम (₹90,853 प्रति 10 ग्राम)22 कैरेट सोना: ₹8,329.3 प्रति ग्राम (₹83,293 प्रति 10 ग्राम)चांदी: ₹97,100 प्रति किलोग्राम