गांवों को 18, शहरों को 24 घंटे मिलेगी बिजली…CM योगी के नाराज होते ही UPPCL का ऐलान
Last Updated:
UP News : भीषण गर्मी में भट्टी की तरह उबल रहे यूपी में लगातार बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. सीएम योगी के निर्देश पर यूपीपीसीएल अध्यक्ष ने ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे और शहरों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा है. वरिष्ठ अधिकारी भी देर रात्रि तक व्यवस्था की मॉनीटरिंग में लगाए गए हैं. लखनऊ के विभिन्न इलाकों में 22 अधिकारी तैनात किए गए हैं. पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम पश्चिमांचल डिस्कांम में आने वाले 14 जनपदों के अधिकारियों को टाइट किया है. सीएम योगी की नाराजगी के बाद अधिकारी अलर्ट हो गए हैं.
लखनऊ. पूरा यूपी इस समय भट्टी की तरह उबल रहा है. भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं, लेकिन अब आगे ऐसा नहीं होगा. प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच बेहतर बिजली आपूर्ति को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद यूपीपीसीएल अध्यक्ष ने समीक्षा बैठक की. सीएम योगी के निर्देश पर यूपीपीसीएल अध्यक्ष ने ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे और शहरों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा है. बैठक में भीषण गर्मी को देखते हुए बेहतर विद्युत आपूर्ति के लिए विशेष सजगता के निर्देश दिए गए. रात्रि में अचानक लोड बढ़ने वाले क्षेत्रों में जांच अभियान चलाने को कहा गया है. इसके अलावा, 1912 पर आने वाली शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं. वरिष्ठ अधिकारी भी देर रात्रि तक व्यवस्था की मॉनीटरिंग में लगाए गए हैं.
राजधानी के लिए रात 1 बजे तक 22 अधिकारी तैनात
प्रदेश में बिजली की समस्याओ पर सीएम योगी की नाराजगी के बाद अधिकारी अलर्ट हो गए हैं. MD मध्यांचल रिया केजरीवाल ने बताया कि राजधानी लखनऊ में पीक आवर में निर्बाध आपूर्ति के लिए व्यवस्था की गई है. लखनऊ के विभिन्न इलाकों में 22 अधिकारी तैनात किए गए हैं. 22 अधीक्षण/अधिशाषी अभियंता रात 9 से 1 बजे तक तैनात रहेंगे. वरिष्ठ अभियंता 31 मई तक संबंधित क्षेत्र में रात 9 से 1 बजे तक तैनात रहेंगे. सभी 22 अधीक्षण/अधिशाषी अभियंताओ के नाम और नंबर जारी कर दिए गए हैं. रिया केजरीवाल ने कहा कि इंजीनियर बिजली समस्याओ का तत्काल समाधान कराएं.
2 अफसर निलंबित
यूपी पावर कारपोरेशन में एक्शन शुरू हो गया है. अधिशासी अभियंता पारेषण गाजियाबाद राहुल को निलंबित कर दिया गया है. उन्हें मेरठ मुख्यालय से अटैच कर दिया गया है. अधिशासी अभियंता पारेषण मेरठ योगेश कुमार को भी सस्पेंड कर दिया गया है. उधर, पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता ने भीषण गार्मी को देखते हुए पश्चिमांचल डिस्कांम में आने वाले 14 जनपदों मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, हापुड, बुलन्दशहर, बागपत, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, मुरादाबाद, बिजनौर, सम्भल, रामपुर और अमरोहा के अधिकारियों को विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए हैं.
‘तुरंत करो बहाल’
रवीश ने कहा कि किसी भी प्रकार के ब्रेकडाउन अथवा विद्युत आपूर्ति में व्यवधान की सूचना प्राप्त होने पर, तत्काल प्रभाव से कार्यवाही करते हुए, विद्युत आपूर्ति बहाल कराई जाए उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है. प्रबन्ध निदेशक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्युत व्यवधान के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाऐगी. उन्होंने बिजलीघरों पर, कर्मचारियों की उपस्थिति और सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि ब्रेकडाउन की स्थिति मे तुरंत मरम्मत कार्य कर, विद्युत आपूर्ति सामान्य की जा सके.
जनपदवार स्थापित नियंत्रण कक्ष के नंबर
- मेरठ 9193330312
- बगपत 919330171
- गौतमबुद्धनगर (नोएडा) 9193301659, 0120-2970431
- गाजियाबाद 9193320115
- बुलन्दशहर 9193302137
- हापुड़ 9193319903
- सहारनपुर 9193330422
- मुजफ्फरनगर 9193331304
- शामली 9193330951
- मुरादाबाद 9193300109
- सम्भल 9193300411
- अमरोहा 9193331320
- बिजनौर 9193331324
- रामपुर 9193300636
प्रबंध निदेशक ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि अगर किसी स्थान पर विद्युत आपूर्ति बाधित होती है तो कृपया धैर्य बनाए रखें और विद्युत विभाग का सहयोग करें. विभागीय कर्मचारी भीषण गर्मी और कठिन परिस्थितियों में लगातार कार्य कर, विद्युत आपूर्ति को शीघ्र बहाल करने में लगे हुए हैं. उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि आवश्यकता होने पर ही विद्युत उपकरणों का प्रयोग करें.
About the Author

प्रियांशु गुप्ता बीते 10 साल से भी ज्यादा समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म का ककहरा सीख अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. य…और पढ़ें