जहरीला करैत का हमला ले गया मौत के करीब, लेकिन डॉक्टर बने रक्षक, जानिए माजरा
Last Updated:
Firazabad News: यूपी के फिरोजाबाद में एक युवती को जहरीले करैत ने काट लिया था और इलाज के दौरान वह कोमा में चली गई थी. लेकिन डॉक्टरों के अथक प्रयास के बाद युवती को होश आ गया और अब उसकी हालत में सुधार है.
फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में रहने वाली एक युवती जहरीले सांप के काटने के बाद कोमा में चली गई और फिर कुछ दिन बाद मौत को मात देकर वापिस लौट आई. सांप के काटने के बाद युवती को फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज इलाज के लिए लाया गया. आईसीयू वार्ड में भर्ती होने के बाद डॉक्टरों की टीम ने कई दिन तक वेंटिलेटर पर उपचार किया. परिजनों को भी उम्मीद थी कि उनकी बेटी जिंदगी की जंग जीतकर वापिस आएगी. जहरीले सांप ने युवती को सोते हुए डस लिया था, जिसके बाद युवती की हालत बिगड़ती चली गई. लेकिन अब युवती पूरी तरह से ठीक होकर घर वापस लौट गई है. वहीं इस घटना की चर्चा लोगों में खूब हो रही है.
रात में चारपाई पर सोते समय जहरीले सांप ने डसा
शिकोहाबाद के मैनपुरी चौराहा ओम नगर में रहने वाली युवती निधि यादव ने लोकल 18 से बातचीत करते हुए बताया कि वह 21 मई को घर में चारपाई पर सो रही थी, तभी रात में अचानक कहीं से काला जहरीला सांप आ गया और उसने कान पर कांट लिया. जैसे ही सांप ने काटा, युवती ने उसे पकड़कर नीचे फेंक दिया. इस दौरान सांप को देखकर अफरा-तफरी मच गई.
युवती सांप को देखकर घबरा गई. उसके पिता युवती को लेकर नजदीकी अस्पताल में पहुंचे, लेकिन वहां कोई बेहतर इलाज न मिल पाने के कारण फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया. फिरोजाबाद आते ही युवती की हालत बिगड़ने लगी. जहरीले सांप का असर युवती के शरीर में फैलने लगा.
तीन दिन बाद कोमा से आई बाहर
युवती ने बताया कि धीरे-धीरे उसकी आंखों से अंधेरा छाने लगा था और उसका गला भी बंद हो रहा था. तभी मेडिकल कॉलेज के सीनियर डॉक्टर मनोज वर्मा और डॉ. गौरव गुप्ता ने युवती को तुरंत आईसीयू वार्ड में वेंटीलेटर पर भर्ती किया. युवती पूरी तरह से कोमा में जा चुकी थी. उसे न कुछ सुनाई दे रहा था और न दिखाई दे रहा था. युवती को लगभग तीन दिन बाद होश आया. तब डॉक्टरों ने उसका परीक्षण किया तो युवती एक दम ठीक थी.
वहीं युवती के पिता दिनेश कुमार ने कहा कि सांप को देखकर पूरा परिवार डर गया था. उनकी बेटी की हालत बेहद खराब हो चुकी थी. उनको भी लग रहा था कि सांप के काटने के बाद युवती का कोई इलाज नहीं हो सकता. लेकिन मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने उनकी बेटी की जिंदगी वापस लौटाई है.
एन्टी स्नैक वेनम दवा से बची जान
फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ फीजिशियन डॉ. गौरव गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकोहाबाद से निधि को हमारे पास इलाज के लिए लाया गया था. निधि को जहरीले करैत नस्ल के सांप ने सोते समय कान में काट लिया था, जिसकी वजह से युवती की हालत बेहद गंभीर थी. इलाज के लिए वेंटिलेटर पर रखा गया. युवती पूरी तरह से कोमा में थी, पूरी बॉडी पैरालाइसिस हो चुकी थी. फिर हमने युवती को एन्टी स्नैक वेनिम दवा की डोज देना शुरू किया, जिसके दो-तीन दिन बाद युवती को दवा का बेहतरीन असर हुआ और उसने सबसे पहले अपनी आंख खोली, जिससे डॉक्टरों की टीम में भी एक उम्मीद की किरण जाग गई.
निधि मौत के पास जाकर वापस लौट आई और अब निधि की हालत बिल्कुल ठीक है. फिरोजाबाद में सांप के काटने के कई मरीज इलाज के लिए आते हैं. लेकिन कई बार लोगों में भ्रम फैलता हौ कि सांप के काटने का मेडिकल इलाज नहीं है. अगर समय से मरीज को डॉक्टर के पास लाया जाए, तो निश्चित ही जान बच सकती है.
About the Author
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.