जिस ई-रिक्शावाले का वीडियो हुआ था वायरल, उसकी मदद के लिए आया इंफ्लूएंसर
Last Updated:
मुरादाबाद में एक ई-रिक्शा चालक का भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. दावा है कि BAT BMS ऐप के जरिए उसकी ई-रिक्शा बीच सड़क पर बंद हो गई, जिससे वह रोते हुए मदद की गुहार लगाने लगा. चालक की बेबसी देखकर सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर अमान सिद्दीकी उसकी मदद के लिए आगे आए और 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी. बताया जा रहा है कि इस मदद के बाद ई-रिक्शा दोबारा चालू हो सकी. घटना के बाद BAT BMS ऐप के दुरुपयोग को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.
मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक ई-रिक्शा चालक का भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में चालक बीच सड़क पर खड़ा होकर रोता और लोगों से मदद की गुहार लगाता दिखाई देता है. उसकी ई-रिक्शा अचानक बंद हो गई थी, जिससे उसकी रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया. शुरुआती तौर पर इसे तकनीकी खराबी माना जा रहा था, लेकिन बाद में हुई जांच में सामने आया कि ई-रिक्शा BAT-BMS (Battery Management System) ऐप के जरिए बंद हुई थी.
वायरल वीडियो के बाद मदद को आगे आए अमान सिद्दीकी
चालक की बेबसी का वीडियो सोशल मीडिया पर लाखों लोगों तक पहुंचा. वीडियो में वह अपनी आजीविका छिन जाने की चिंता में फूट-फूटकर रोता दिखाई देता है. वही इस वीडियो को देखने के बाद सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर अमान सिद्दीकी पीड़ित चालक की मदद के लिए आगे आए. उन्होंने चालक को 40 हजार रुपये नकद की आर्थिक सहायता दी.
सिर्फ मुरादाबाद नहीं, कई चालक हुए प्रभावित
BAT-BMS ऐप का मामला केवल मुरादाबाद तक सीमित नहीं है. पिछले कुछ दिनों में दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के कई इलाकों से भी ऐसी शिकायतें सामने आई हैं, जहां चलते हुए ई-रिक्शा अचानक बंद हो गए. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और शिकायतों के बाद सरकारी एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू की. जांच में सामने आया कि कुछ बैटरियों में इस्तेमाल हो रहे BMS सिस्टम को ब्लूटूथ के जरिए कनेक्ट कर ऐप से नियंत्रित किया जा सकता था, जिसका कुछ लोग कथित तौर पर दुरुपयोग कर रहे थे.
क्या है BAT-BMS ऐप?
BAT-BMS एक बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (Battery Management System) ऐप है, जिसका उपयोग लिथियम-आयन बैटरियों की निगरानी और सेटिंग्स के लिए किया जाता है. हालांकि, आरोप है कि सुरक्षा खामियों के कारण कुछ लोग इस ऐप का गलत इस्तेमाल कर ई-रिक्शा को रिमोट तरीके से बंद कर रहे थे. इससे सड़क सुरक्षा और चालकों की आजीविका दोनों पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं.
सरकार ने उठाया बड़ा कदम
मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने कार्रवाई शुरू कर दी है. इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने BAT-BMS, Epoch-i-ion और Lossigy जैसे ऐप्स को भारत में Android और iOS ऐप स्टोर से हटाने के निर्देश दिए हैं. सरकार का कहना है कि इन ऐप्स के कथित दुरुपयोग से ई-रिक्शा चालकों और यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही थी.
सुरक्षा पर उठे सवाल
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि किसी वाहन की बैटरी को बिना पर्याप्त सुरक्षा के ब्लूटूथ के जरिए नियंत्रित किया जा सकता है, तो यह एक गंभीर साइबर सुरक्षा जोखिम है. मुरादाबाद की घटना ने इस खतरे को उजागर कर दिया है. अब ई-रिक्शा चालकों की मांग है कि भविष्य में ऐसी तकनीकी खामियों को दूर किया जाए ताकि किसी की रोजी-रोटी इस तरह प्रभावित न हो.
About the Author

Shivani Gupta is a Media Professional with 3 years of experience in reporting, content writing and production. She has worked with reputed media organizations like News18, Hindustan Times, DEN Kashi and The L…और पढ़ें