झांसी में बेटी पैदा होने पर पति ने दिया तलाक, महिला को नहीं मिल रहा इंसाफ
Last Updated:
jhansi news today in hindi: झांसी में दिलशाद ने अपनी पत्नी शबीना को बेटा न होने पर तलाक दे दिया. शबीना ने SSP को शिकायत की और बताया कि ससुराल वाले भी उसे परेशान करते थे. दिलशाद ने शरीयत कानून से तलाक भेजा.
SSP ऑफिस पहुंची महिला
झांसी: हमारा देश और समाज कई मामलों में भले ही तरक्की करता हुआ दिखता है लेकिन, लड़के और लड़की में भेद करने में अभी भी वह पुरानी सोच से नहीं निकल पा रहा है. जिन महिलाओं को एक के बाद एक कई लड़की होती हैं उन्हें लोग अलग नजरिए से देखते हैं. घरों में उनपर तमाम तरह के ताने भी कसे जाते हैं. कई बार तो पति अपनी पत्नियों को छोड़ तक देते हैं. ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला उत्तर प्रदेश के झांसी से सामने आया है. यहां एक आदमी ने अपनी पत्नी को इसलिए तलाक दे दिया क्योंकि वह बेटा नहीं पैदा कर पाई. बेटी के पैदा होने के बाद पति ने तलाक दे दिया है.
झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र का यह मामला है. यहां रहने वाली महिला से शरियत से तलाक का मामला सामने आया है. यहां SSP कार्यालय पहुंची बीवी ने बताया कि उसके पति ने उन्हें स्पीड पोस्ट से तलाक दे दिया है. बीवी ने कहा कि पति ने महज इसलिए तलाक दे दिया कि उसका बेटा पैदा नहीं हुआ.
बेटा नहीं हुआ तो दिया तलाक
SSP को दिए शिकायती पत्र में ITI की निवासी शबीना खातून ने लिखा है कि उसकी शादी 2 फरवरी 2018 को दिलशाद से हुई थी. दिलशाद और खातून को 13 महीने पहले एक बेटी हुई थी. शबीना ने बताया कि बेटी पैदा होने के बाद शौहर उनसे झगड़ा करने लगा. ससुराल के लोग भी शबीना को परेशान करने लगे. उनका कहना था कि तुम बेटा पैदा नहीं कर सकती हो. इसलिए तुम्हारे साथ नहीं रह सकता. आरोप है कि सास-ससुर भी पति के सपोर्ट में हैं.
शरीयत कानून से दिया तलाक
उन्होंने बताया कि तीन दिन पहले पति ने स्पीड पोस्ट से तलाकनामा भेज दिया. अब वह न्याय के लिए भटक रही है. शबीना ने बताया कि कुछ समय पहले उन्होंने महिला थाने में शिकायत की थी. परिवार परामर्श केंद्र द्वारा दोनों के बीच सुलह भी कराई गई थी. दिलशाद ने कहा था कि वह 1 अप्रैल को शबीना को अपने साथ ले जाएगा. लेकिन, उसके तीन दिन पहले ही शरीयत के हिसाब से एक तलाक भेज दिया है. दो और तलाक भेजने की बात भी कही है.