टंकी फुल कर दो.. ब्लैक थार में डीजल भरवाकर बिना पैसे दिए रफूचक्कर हुए कार सवार
Last Updated:
Mathura News: मथुरा के पेट्रोल पंप से फ़िल्मी स्टाइल में डीजल चोरी का मामला सामने आया है. यहां जमुनापार क्षेत्र के धनगर पेट्रोल पंप पर एक बिना नंबर प्लेट की थार कार टंकी फुल करवाकर बिना पैसे दिए रफूचक्कर हो गई. पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई. अब पुलिस इस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है.
मथुरा में डीजल फुल करवाकर भागे थार सवार
मथुरा. यूपी के मथुरा में थाना जमुनापार क्षेत्र के धनगर फिलिंग स्टेशन पर एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई. यहां डीजल भरवाने के बाद एक काले रंग की बिना नंबर प्लेट लगी थार में बैठे युवक बिना पैसे दिए गाड़ी लेकर फरार हो गए. पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई. इसी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है. सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
जानकारी के अनुसार, एक काले रंग की थार धनगर फिलिंग स्टेशन पर पहुंची. थार में कई युवक सवार थे. उन्होंने सामान्य ग्राहकों की तरह वाहन में डीजल फुल कराने के लिए कहा. पेट्रोल पंप के सेल्समैन ने उनके कहने पर थार की टंकी पूरी तरह भर दी. डीजल भरने के बाद जैसे ही कर्मचारी ने टंकी का ढक्कन बंद किया और रुपए लेने की तैयारी की, तभी चालक ने अचानक वाहन दौड़ा दिया. घटना से घबराया कर्मचारी थार के पीछे दौड़ा, लेकिन कुछ ही सेकंड में वाहन पेट्रोल पंप से बाहर निकलकर ओझल हो गया. अचानक हुई इस घटना से पेट्रोल पंप कर्मचारियों में हड़कंप मच गया. इसके बाद पंप प्रबंधन ने तुरंत सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें पूरी वारदात स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड मिली.
CCTV फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
पेट्रोल पंप संचालक ने मामले की सूचना पुलिस अधिकारियों को दी. बताया गया है कि घटना की जानकारी सीओ सदर को भी दे दी गई है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. साथ ही आसपास के मार्गों और चौराहों पर लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि थार और उसमें सवार युवकों की पहचान की जा सके.
About the Author

अमित तिवारी, News18 Hindi के डिजिटल विंग में प्रिंसिपल कॉरेस्पॉन्डेंट हैं. वर्तमान में अमित उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और रिसर्च बेस्ड कवरेज कर रहे हैं. अख़बार…और पढ़ें