देसी गायों की डेयरी खोलनी है, तो सरकार करेगी आपकी मदद.. यहां जानिए कैसे पाएं 11.80 लाख रुपए
Last Updated:
Sultanpur News: इस योजना के तहत आवेदन करने के लिए आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है. इसके लिए आधिकारिक वेबसाइट https:// nandbabadugdhmission.up.gov.in पर आवेदन किया जा सकता है.
सुल्तानपुर: भारत की ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ की बात करें, तो खेती के साथ-साथ पशुपालन भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है. कृषक नंदिनी योजना के तहत, पशुपालकों को 25 गाय पालने पर 23 लाख 60 हजार रुपए दिए जाएंगे, जिसमें 50% की सब्सिडी भी शामिल है. यह योजना उन पशुपालकों के लिए फायदेमंद हो सकती है जो अपने घर पर रहकर बड़े स्तर पर दुग्ध उत्पादन का व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं. आइए जानते हैं इस योजना का लाभ लेने के लिए कहां आवेदन करना होगा और इसके लिए क्या पात्रता होगी…
कितनी मिलेगी सब्सिडी
सुल्तानपुर के मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना की कुल लागत 23 लाख 60 हजार रुपए है, जिसमें सरकार की तरफ से 50% का अनुदान लाभार्थी को दिया जाएगा. इस हिसाब से लाभार्थी को 11 लाख 80 हजार रुपए का अनुदान मिलेगा. यह राशि लाभार्थी को दो किस्तों में दी जाएगी. कुल लागत का 25% धनराशि लाभार्थी को खुद लगानी होगी और 35% बैंक द्वारा लोन के रूप में उपलब्ध कराया जाएगा.
क्या करना होगा जरूरी
इस योजना के तहत लाभार्थी को 25 स्वदेशी नस्ल की गायों से डेरी की शुरुआत करनी होगी, जिसमें साहिवाल, गिर, थारपारकर प्रकार की नस्ल की गाय होनी चाहिए. प्रदेश के बाहर से खरीदनी होगी गाय पशु चिकित्सा अधिकारी ने आगे बताया कि इस योजना के तहत लाभार्थी को गाय की खरीदारी प्रदेश के बाहर से करनी होगी. संबंधित गाय का टैग और 3 वर्ष का बीमा होना अनिवार्य है. इसके अलावा, खरीदी जाने वाली गाय का पहला या दूसरा ब्याज होना जरूरी है और ब्याज 45 दिनों से अधिक नहीं होना चाहिए. साथ ही, आवेदक के पास गौपालन का कम से कम 3 वर्षों का अनुभव होना चाहिए. इसका प्रमाण पत्र संबंधित मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी किया जाना चाहिए.
यहां करें आवेदन
इस योजना के तहत आवेदन करने के लिए आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है. इसके लिए आधिकारिक वेबसाइट https://nandbabadugdhmission.up.gov.in पर आवेदन किया जा सकता है. इस योजना के तहत कुल 2 यूनिट स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. वित्तीय वर्ष 2025-26 में मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के लिए लाभार्थियों का चयन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।