नोएडा कैसे बना UP का इकोनॉमिक पावरहाउस? इन 5 वजहों से समझें
Last Updated:
Noida News: नोएडा दिल्ली-एनसीआर के महत्वपूर्ण मेगासिटी में से एक है. पिछले कुछ दशकों में राष्ट्रीय राजधानी से लगे इस शहर ने विकास की नई कहानी लिखी है. आज नोएडा की गिनती देश के टॉप इंडस्ट्रियलाइज्ड शहरों में होती है. इसके विकास की वैसे तो कई वजहें हैं, लेकिन इनमें से कुछ बेहद खास हैं.
नोएडा ने पिछले कुछ दशकों में विकास की लंबी यात्रा तय की है. (फाइल फोटो)
मल्लिका सोनी
Noida News: उत्तर प्रदेश का नोएडा आज देश के सबसे प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में गिना जाता है. हाल ही में फैक्ट्री श्रमिकों के विरोध प्रदर्शनों के बीच एक बार फिर इस शहर के औद्योगिक ढांचे और विकास मॉडल पर ध्यान गया है. बीते कुछ दशकों में नोएडा ने जिस तेजी से औद्योगिक ताकत के रूप में खुद को स्थापित किया है, वह कई अहम कारणों का नतीजा है, जिनमें भौगोलिक स्थिति, नीतिगत समर्थन, मजबूत बुनियादी ढांचा और श्रम उपलब्धता शामिल हैं. सबसे बड़ी वजह नोएडा की भौगोलिक स्थिति रही है. राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के करीब होने के कारण यहां उद्योगों को बड़े बाजार, बेहतर ट्रांसपोर्ट नेटवर्क और विकसित कारोबारी माहौल का लाभ मिलता है. यह निकटता कंपनियों के लिए उत्पादों के वितरण और सप्लाई चेन को आसान बनाती है, जिससे लागत कम होती है और कारोबार तेजी से बढ़ता है.
नोएडा इन पांच वजहों से आज देशभर में एक महत्वूर्ण फैक्टरी पावरहाउस के तौर पर उभरा है -:
- नोएडा का लोकेशन: नोएडा की भौगोलिक स्थिति इसे औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र बनाती है. दिल्ली के नजदीक होने के कारण यहां कंपनियों को बड़े कंज्यूमर मार्केट, बेहतर ट्रांसपोर्ट नेटवर्क और मजबूत बिजनेस इकोसिस्टम का सीधा लाभ मिलता है. यही वजह है कि मैन्युफैक्चरिंग और डिस्ट्रीब्यूशन के लिए नोएडा एक आदर्श स्थान बनकर उभरा है. एक्सपर्ट का मानना है कि राष्ट्रीय राजधानी से करीबी ने निवेश आकर्षित करने और उद्योगों को तेजी से विस्तार देने में अहम भूमिका निभाई है.
- प्लान्ड इंफ्रास्ट्रक्चर: नोएडा का योजनाबद्ध विकास उसके औद्योगिक विस्तार की बड़ी वजह बनकर उभरा है. पुराने औद्योगिक शहरों के विपरीत, नोएडा को पहले से तय सेक्टरों और सुव्यवस्थित लेआउट के साथ बसाया गया, जिससे फैक्ट्रियों को स्थापित करना और ऑपरेट करना आसान हुआ. बेहतर रोड नेटवर्क, भरोसेमंद बिजली सप्लाई और आधुनिक बुनियादी ढांचे ने उत्पादन क्षमता बढ़ाने में मदद की. इन सुविधाओं के कारण उद्योगों को लागत कम रखने और तेजी से विस्तार करने का अवसर मिला, जिससे नोएडा एक प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित हो सका.
- सरकारी नीतियां: सरकारी नीतियों ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक विकास में अहम भूमिका निभाई है. उत्तर प्रदेश सरकार ने उद्योगों को आकर्षित करने के लिए भूमि आवंटन, कर रियायतें और आसान अनुमोदन प्रक्रियाएं जैसी कई सुविधाएं दीं. औद्योगिक प्राधिकरणों के माध्यम से तेज और पारदर्शी मंजूरी ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया. इन नीतिगत कदमों के चलते बड़ी संख्या में कंपनियों ने यहां अपने उत्पादन इकाइयां स्थापित कीं. इसके चलते क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़े और यह इलाका तेजी से एक प्रमुख औद्योगिक हब के रूप में उभरा.
- मजदूरों की उपलब्धता: उत्तर प्रदेश के औद्योगिक शहर नोएडा की तेजी से हुई तरक्की के पीछे श्रमिकों की उपलब्धता एक अहम वजह मानी जा रही है. नोएडा देश के विभिन्न हिस्सों, खासकर उत्तर प्रदेश, बिहार और आसपास के राज्यों से बड़ी संख्या में प्रवासी कामगारों को आकर्षित करता है. यह निरंतर श्रमिक आपूर्ति विशेष रूप से गारमेंट्स और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे श्रम प्रधान उद्योगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हुई है. पर्याप्त और सस्ती श्रमशक्ति ने फैक्ट्रियों को उत्पादन बढ़ाने और लागत नियंत्रित रखने में मदद की, जिससे नोएडा उत्तर भारत के प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में उभरकर सामने आया है.
- इंडस्ट्रियल क्लस्टर: नोएडा में औद्योगिक क्लस्टरों ने शहर के आर्थिक विकास को नई रफ्तार दी है. कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑटो कंपोनेंट जैसे क्षेत्रों में मजबूत क्लस्टर बनने से कंपनियों को एक-दूसरे के करीब काम करने का फायदा मिला. जैसे-जैसे बड़ी कंपनियां यहां आईं, उनके साथ सप्लायर और सहयोगी उद्योग भी विकसित हुए, जिससे लागत घटी और उत्पादन क्षमता बढ़ी. इस संगठित इकोसिस्टम ने नोएडा को उत्तर भारत का प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग हब बना दिया. हालांकि, हालिया विरोध प्रदर्शनों ने यह सवाल भी उठाया है कि क्या इस विकास का लाभ सभी श्रमिकों तक समान रूप से पहुंच रहा है.
About the Author

बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से प्रारंभिक के साथ उच्च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…और पढ़ें