बनने वाला है राम कथा संग्रहालय, 90 प्रतिशत पूरा हुआ निर्माण कार्य

0
बनने वाला है राम कथा संग्रहालय, 90 प्रतिशत पूरा हुआ निर्माण कार्य


Last Updated:

Ayodhya Latest News: संग्रहालय की सबसे बड़ी विशेषता 7D तकनीक पर आधारित गैलरियां होंगी. इन गैलरियों में श्रद्धालु केवल दृश्य ही नहीं देखेंगे, बल्कि ध्वनि, गति और विशेष प्रभावों के माध्यम से रामायण की घटनाओं को जीवंत रूप में महसूस भी कर सकेंगे.

अयोध्या: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में बन रहा भव्य राम कथा संग्रहालय अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है. संग्रहालय का लगभग 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य तेजी से कराया जा रहा है. प्रशासन का लक्ष्य है कि जल्द ही यह संग्रहालय श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए खोल दिया जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले लोग भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और उनसे जुड़ी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक तकनीक के माध्यम से करीब से देख सकें.

यह संग्रहालय अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देने वाला महत्वपूर्ण केंद्र बनने जा रहा है. यहां आने वाले श्रद्धालुओं को श्रीराम के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का अनुभव अत्याधुनिक डिजिटल तकनीकों के जरिए कराया जाएगा. संग्रहालय में कुल 20 भव्य गैलरियों का निर्माण किया जा रहा है, जहां रामायण काल से जुड़ी घटनाओं, पात्रों और परंपराओं को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा.

संग्रहालय की सबसे बड़ी विशेषता 7D तकनीक पर आधारित गैलरियां होंगी. इन गैलरियों में श्रद्धालु केवल दृश्य ही नहीं देखेंगे, बल्कि ध्वनि, गति और विशेष प्रभावों के माध्यम से रामायण की घटनाओं को जीवंत रूप में महसूस भी कर सकेंगे. भगवान श्रीराम के जन्म, वनवास, सीता हरण, सुग्रीव मित्रता, लंका विजय और रामराज्य स्थापना जैसे महत्वपूर्ण प्रसंगों को एपिसोड के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा.

इसके साथ ही संग्रहालय में हनुमान जी महाराज की जीवन लीला को भी विशेष स्थान दिया गया है. भक्त बजरंगबली के जन्म, उनकी शक्ति, भक्ति, राम सेवा और लंका दहन जैसे प्रमुख प्रसंगों का आधुनिक प्रस्तुतीकरण देख सकेंगे. यह अनुभव श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रूप से जोड़ने का कार्य करेगा. संग्रहालय में भगवान श्रीराम के सूर्यवंशी वंश की परंपरा और उनके वंशजों से संबंधित जानकारियां भी प्रदर्शित की जाएंगी. इसके माध्यम से आगंतुकों को रामायण काल से लेकर वर्तमान समय तक की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक कड़ियों को समझने का अवसर मिलेगा.

अंतर्राष्ट्रीय राम कथा संग्रहालय के निदेशक संजीव सिंह ने बताया कि निर्माण कार्य तेजी से अंतिम रूप दिया जा रहा है. संग्रहालय को आधुनिक सुविधाओं और डिजिटल तकनीकों से सुसज्जित किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को एक अनूठा और यादगार अनुभव मिल सके. उन्होंने कहा कि संग्रहालय के शुरू होने के बाद अयोध्या आने वाले पर्यटकों को रामायण और भारतीय संस्कृति को समझने का एक नया माध्यम मिलेगा. यह संग्रहालय न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि भारतीय इतिहास, संस्कृति और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.

About the Author

Abhijeet ChauhanSub-Editor

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *