बरेली में फर्जी IAS गैंग का पर्दाफाश, तीन बहनों के खिलाफ ताबड़तोड़ दर्ज हुए 28 केस

0
बरेली में फर्जी IAS गैंग का पर्दाफाश, तीन बहनों के खिलाफ ताबड़तोड़ दर्ज हुए 28 केस


बरेली: तीन हाई एजुकेटेड बहनों के जेल जाने के बाद पुलिस ने उनकी पूरी कुंडली खंगालनी शुरू कर दी है. जांच में सामने आया है कि महत्वाकांक्षा और हाई-फाई खर्चों ने तीनों बहनों को अपराध की राह पर पहुंचा दिया.

क्या है पूरा मामला

बताया जा रहा है कि बड़ी बहन डॉ. विप्रा शर्मा यूपीएससी की तैयारी करती थी, लेकिन सलेक्शन न होने के बाद उसने खुद को फर्जी आईएएस अधिकारी बताना शुरू कर दिया. वहीं उसकी दोनों बहनें शिखा शर्मा और दीक्षा खुद को उसकी प्रोटोकॉल अधिकारी बताने लगीं.

तीनों बहनों ने अपने हाई-फाई खर्चों को पूरा करने के लिए बड़े अधिकारियों और नेताओं से संपर्क होने का दावा कर लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देना शुरू कर दिया. आरोप है कि इसी के नाम पर लोगों से ठगी की गई.

तीनों बहनें हैं काफी पढ़ी-लिखी 

मामला थाना बारादरी क्षेत्र का है. बरेली शहर की रहने वाली तीनों बहनें पढ़ी-लिखी हैं. डॉ. विप्रा शर्मा कई बार यूपीएससी परीक्षा में शामिल हुई, लेकिन सफल नहीं हो सकी. वहीं उसकी दोनों बहनें भी कोई प्रतियोगी परीक्षा पास नहीं कर पाईं.

कुछ समय पहले शहर में यह चर्चा फैल गई कि विप्रा शर्मा आईएएस अधिकारी है और शिखा व दीक्षा उसकी सहायक अधिकारी हैं. आरोप है कि तीनों लग्जरी गाड़ियों पर ‘उत्तर प्रदेश सरकार’ और ‘एडीएम एफआर’ लिखवाकर अलग-अलग जिलों में सरकारी डाक बंगलों का इस्तेमाल करती थीं.

नौकरी दिलाने के नाम पर ठगती थीं तीनों बहनें

नाते-रिश्तेदारों और आसपास के लोगों को भी यही बताया गया कि तीनों बहनें बड़े सरकारी पदों पर तैनात हैं. इसके बाद नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी का सिलसिला शुरू हुआ.

एक शिकायत के बाद पुलिस ने 28 अप्रैल को तीनों बहनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. इसके बाद पुलिस ने करीब तीन सप्ताह तक मामले की गहराई से जांच की. जांच में कई और शिकायतें सामने आने के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 28 मुकदमे दर्ज किए हैं.

चर्चित अधिकारियों और सफेदपोश नेताओं में मचा हड़कंप

चर्चा है कि तीनों बहनों ने बड़े अधिकारियों और राजनीतिक पहुंच का हवाला देकर लोगों को ठगी का शिकार बनाया. वहीं अब पुलिस की कार्रवाई के बाद कई चर्चित अधिकारियों और सफेदपोश नेताओं में भी हड़कंप मचा हुआ है.

पुलिस तलाश रही है नेटवर्क

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी मामलों की जांच की जा रही है और नेटवर्क को खंगालकर आगे की कार्रवाई की जाएगी. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि तीनों बहनों का यह रैकेट कहां-कहां तक फैला हुआ था.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *