बारिश से बचने के लिए जिस छत का लिया सहारा, उसी ने छीन ली 3 जिंदगियां
Last Updated:
Amroha News: यूपी के अमरोहा जिले में बरसात के दौरान के नव निर्माणाधीन लिंटर अचानक भर-भराकर गिर पड़ा, जिसके नीचे दबने से कुल 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हो गए. हादसे के बाद वहां चीख-पुकार मच गई. आइए जानते हैं पूरी घटना क्या थी.
अमरोहा लिंटर हादसा
अमरोहा: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जनपद में एक दर्दनाक हादसे ने 3 लोगों की जान ले ली. अमरोहा के ताजपुर गांव में लगातार हो रही बारिश के बीच निर्माणाधीन मकान का ताजा ढला लिंटर भर भराकर गिर गया. हादसे में महिला और उसके मासूम बेटे समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ और पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया.
बता दें कि अमरोहा जनपद के थाना सैदनगली क्षेत्र के गांव ताजपुर में गुरुवार को निर्माणाधीन मकान का ताजा ढला लिंटर अचानक भर भराकर एक परिवार पर गिर गया. बताया जा रहा है कि बारिश शुरू होने पर कई लोग बचने के लिए लिंटर के नीचे खड़े हो गए थे, तभी पूरा लिंटर ढह गया और सभी मलबे में दब गए.
3 लोगों की मौत, 3 अन्य घायल
हादसे में 30 वर्षीय मीनू, उसके एक वर्षीय बेटे लाल सिंह और 65 वर्षीय स्मृति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मीनू की शादी तरारा गांव में हुई थी और वह अपनी मां के बुलाने पर मायके ताजपुर में लिंटर पड़ने के बाद आयोजित दावत में शामिल होने आई थी. सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं. जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ और पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए.
जेसीबी से हटाया गया मलबा
घटना घटित होते ही वहां चीख पुकार मच गई और फंसे हुए लोगों को बचाने के लिए कई लोग आए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. वहीं जेसीबी से मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए हादसे की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने कहा कि जांच की जा रही है कि आखिर लिंटर गिरा कैसे? क्या निर्माण कार्य में लापरवाही बरती गई?
About the Author

आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ल…
और पढ़ें