बिल की टेंशन खत्म! घर की छत पर लगाएं सोलर पैनल, सरकार देगी ₹1,08,000 की मदद
Last Updated:
Solar Panel Subsidy Scheme UP: मेरठ समेत पूरे पश्चिम उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक बेहद राहत भरी खबर है. अगर आप भी हर महीने आने वाले भारी-भरकम बिजली बिल से परेशान हैं, तो केंद्र और राज्य सरकार मिलकर आपको 25 साल तक मुफ्त बिजली का तोहफा दे रही हैं. ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के तहत आप अपने घर की छत पर सोलर पैनल लगवा सकते हैं, जिस पर यूपी सरकार बंपर सब्सिडी दे रही है. इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसके लिए बहुत ज्यादा जगह की जरूरत नहीं होती है. आइए जानते हैं इस योजना का लाभ उठाने का पूरा तरीका.
मेरठ: पश्चिम उत्तर प्रदेश के मेरठ और आसपास के इलाकों में रहने वाले जो भी लोग बिजली के बढ़े हुए बिलों से परेशान हैं और किसी ऐसी योजना की तलाश में हैं जिससे उनका बिल जीरो हो जाए, उनके लिए एक बेहतरीन मौका है. ऐसे सभी लोग ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के तहत अपने घरों में सौर ऊर्जा का कनेक्शन लगवा सकते हैं. इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया इस समय तेजी से चल रही है. इस योजना को लेकर जिला परियोजना प्रभारी प्रमोद भूषण शर्मा ने कुछ बेहद महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की हैं.
परियोजना प्रभारी प्रमोद भूषण शर्मा ने बताया कि जो भी उपभोक्ता इस योजना के तहत आवेदन करना चाहते हैं, वे ऑनलाइन माध्यम से फॉर्म भर सकते हैं. नियम के अनुसार, आपके घर में वर्तमान समय में जितने किलोवाट का सरकारी बिजली कनेक्शन चालू है, आप उतने ही किलोवाट का सौर ऊर्जा कनेक्शन लगवा सकते हैं.
सरकार दे रही है भारी सब्सिडी
इस योजना के तहत केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार मिलकर उपभोक्ताओं को तगड़ी सब्सिडी दे रही हैं, जो सीधे आपके बैंक खाते में भेजी जाएगी. सब्सिडी इस प्रकार मिलेगी.
- 1 किलोवाट का कनेक्शन- इसमें केंद्र सरकार ₹30,000 और यूपी सरकार ₹15,000 देगी (कुल ₹45,000 की छूट).
- 2 किलोवाट का कनेक्शन- इसमें केंद्र सरकार ₹60,000 और यूपी सरकार ₹30,000 की सब्सिडी देगी (कुल ₹90,000 की छूट).
- 3 किलोवाट या उससे अधिक का कनेक्शन- इसमें केंद्र सरकार की तरफ से ₹78,000 और यूपी सरकार की तरफ से ₹30,000 दिए जाएंगे. इस तरह उपभोक्ता को कुल ₹1,08,000 की भारी सब्सिडी का फायदा मिलेगा. 3 किलोवाट के कनेक्शन को लगाने में अनुमानित लागत लगभग ₹2 लाख तक आती है, जिसमें से आधी से ज्यादा रकम सरकार दे देती है.
छोटी सी जगह में लग जाएगा कनेक्शन
अक्सर लोगों के मन में यह सवाल रहता है कि सोलर पैनल लगवाने के लिए कितनी जमीन या जगह की जरूरत पड़ेगी. प्रमोद भूषण शर्मा ने बताया कि इसके लिए परेशान होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. आपके घर की छत पर यह पैनल आराम से फिट हो जाएगा. इसके बाद आप अपने घर का फ्रिज, एसी, कूलर, पंखा सब कुछ पहले की तरह ही चला पाएंगे, लेकिन आपको कोई बिल नहीं देना होगा.
25 साल तक की मिलेगी फुर्सत
अधिकारियों के मुताबिक, इस योजना के तहत लगाए जाने वाले सोलर पैनल की लाइफ करीब 25 साल तक होती है. यानी एक बार लगवाने के बाद आप अगले 25 सालों तक बिना किसी बिल के मुफ्त बिजली का इस्तेमाल कर सकते हैं. जिन लोगों के पास शुरुआत में पैसे लगाने का बजट नहीं है, उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि सरकार ने इसके लिए बैंकों के माध्यम से बेहद आसान किस्तों पर लोन की सुविधा भी उपलब्ध कराई है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस योजना का लाभ उठा सकें.
About the Author
सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें