मजदूर ने किया फोन, बोला- सोने की मूर्ति मिली है, लेकर गई 10 लाख, फिर जैसे ही खोला झोला…
Last Updated:
मजदूरों में शामिल राजा ने बीते 18 जून को दिन्नी की विवाहित बेटी उजाला को फोन किया. बताया कि खोदाई के दौरान उसे सोने की बुद्ध प्रतिमा मिली है. यह प्रतिमा 10 लाख रुपये में बेच देगा. मुलाकात के लिए उजाला ने राजा को शाहजहांपुर बुलाया.
हरदोई में भगवान बुद्ध की नकली सोने की प्रतिमा 10 लाख में बेच दी.
हरदोईः उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में शाहजहांपुर की एक महिला से नकली सोने की मूर्ति के नाम पर 10 लाख रुपये की ठगी हुई. ठगों ने महिला को नकली मूर्ति दी. विरोध करने पर तमंचा दिखाकर कैश से भरा थैला छीनकर फरार हो गए. मामले में शाहाबाद कोतवाली पुलिस ने शनिवार शाम दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शाहजहांपुर के अहमदपुर रेकी निवासी दिन्नी ने बताया कि उनके मकान में निर्माण कार्य चल रहा था. इस दौरान उनका पुत्र सचिन पक्का पुल से दो मजदूरों को काम पर बुला लाया था. इन मजदूरों ने लगभग 20 दिन तक यहां काम किया.
घर पर काम करने वाले मजदूरों ने बताया- सोने की मूर्ति मिली है
इन्हीं मजदूरों में शामिल राजा ने बीते 18 जून को दिन्नी की विवाहित बेटी उजाला को फोन किया. बताया कि खोदाई के दौरान उसे सोने की बुद्ध प्रतिमा मिली है. यह प्रतिमा 10 लाख रुपये में बेच देगा. मुलाकात के लिए उजाला ने राजा को शाहजहांपुर बुलाया. यहां प्रतिमा का कुछ बुरादा उजाला को दिया. उजाला का दावा है कि उसने सुनार के यहां जांच कराई तो इसे सोने का बताया गया. इसके बाद वह 19 जून को मजदूर से शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र में हर्रई मोड़ पर मिली.
दोबारा जांच में भी निकला सोना
यहां भी राजा ने बुद्ध प्रतिमा में छेद कर बुरादा निकालकर जांच कराने को दे दिया. दोबारा जांच में भी बुरादा सोने का बताया गया. इस पर उजाला अपनी मां दिन्नी के साथ प्रतिमा लेनी पहुंची. यहां एक खेत में दोनों मजदूरों ने उसे प्रतिमा दी. उजाला ने साथ में चलकर प्रतिमा का परीक्षण कराने को कहा. इस पर मजदूरों ने उससे रुपयों भरा झोला छीन लिया और प्रतिमा छोड़कर भाग गए. प्रतिमा का परीक्षण कराने पर यह पीतल की निकली.
पैसा देखते ही निकाला तमंचा और छीन लिया
उजाला ने बताया अपनी मां दिन्नी देवी सिंह और भाई के साथ मौके पर पहुंचीं. जैसे ही आरोपियों को 10 लाख रुपये से भरा थैला दिखाया, आरोपियों ने अचानक तमंचा तान दिया. पीड़ित परिवार के अनुसार, ठगों ने उन्हें डराया, उनके हाथ में नकली मूर्ति थमाई और रुपयों से भरा थैला छीनकर तेजी से खेतों की तरफ भाग निकले. पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि धोखाधड़ी और टप्पेबाजी का मामला है. आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.
About the Author

Prashant Rai am currently working as Chief Sub Editor at News18 Hindi Digital, where he lead the creation of hyper-local news stories focusing on politics, crime, and viral developments that directly impact loc…और पढ़ें