महिला कोच में गलती से न रख देना पैर, गाजियाबाद के युवक को मिली 6 महीने की सजा
Last Updated:
Ghaziabad Latest News: महिला कोच में जबरन सफर करने वालों की अब खैर नहीं है. गाजियाबाद से गुजरने वाली ट्रेनों में RPF ने बड़ा अभियान शुरू किया है. सिर्फ दो दिनों में 25 से ज्यादा लोगों पर करीब 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि एक आरोपी को छह महीने की जेल की सजा भी मिली है.
गाजियाबाद में आरपीएफ टीम चला रही अभियान.
गाजियाबाद: आरपीएफ ने गाजियाबाद से गुजरने वाली ट्रेनों में महिलाओं के लिए एक बड़ा अभियान चलाया है. महिला और दिव्यांग कोच में नियम तोड़कर सफर करने वालों पर लगातार कार्रवाई हो रही है. सिर्फ दो दिनों में 25 से ज्यादा लोगों पर करीब 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि एक आरोपी को छह महीने की जेल भी भेजा गया.
गाजियाबाद से दिल्ली, अलीगढ़, मेरठ और मुरादाबाद रूट की ट्रेनों में आरपीएफ ने महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विशेष चेकिंग अभियान शुरू किया है. इस अभियान के दौरान महिला और दिव्यांग कोच में बिना अनुमति सफर करने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है. इसके अलावा महिलाओं से छेड़छाड़, अभद्रता, घूरने या विरोध के बावजूद महिला कोच में घुसने वालों को भी बख्शा नहीं जा रहा.
आरपीएफ के मुताबिक, पिछले दो दिनों में ऐसे 25 से ज्यादा यात्रियों को पकड़ा गया. इन सभी पर मिलाकर करीब 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया. वहीं, एक मामले में आरोपी पर 2500 रुपये का जुर्माना लगाने के साथ अदालत ने छह महीने की जेल की सजा भी सुनाई.
आरपीएफ इंस्पेक्टर अब्दुल लतीफ ने बताया कि पिछले कुछ समय से महिला कोच में पुरुष यात्रियों के जबरन बैठने और महिलाओं के विरोध के बावजूद कोच खाली न करने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं. इन्हीं शिकायतों के बाद यह विशेष अभियान शुरू किया गया है.
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को कासगंज-नई दिल्ली ट्रेन में चार यात्रियों पर 2-2 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया. वहीं दिल्ली-अलीगढ़ पैसेंजर में तीन लोगों से 2500-2500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा मेरठ पैसेंजर में सात यात्रियों पर 2 हजार से 2500 रुपये तक का जुर्माना लगाया गया.
आरपीएफ का कहना है कि गाजियाबाद रेलवे स्टेशन और यहां से गुजरने वाली ट्रेनों में लगातार चेकिंग की जा रही है. हर महिला कोच में दो आरपीएफ जवान तैनात किए गए हैं. इसके साथ ही सादे कपड़ों में भी जवान ट्रेनों में सफर कर रहे हैं, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके.
आरपीएफ ने महिला यात्रियों से अपील की है कि अगर कोई व्यक्ति महिला कोच में जबरन सफर करता है या किसी तरह की अभद्रता करता है, तो इसकी जानकारी तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139 या ड्यूटी पर मौजूद आरपीएफ कर्मियों को दें. शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाएगी.
About the Author

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…और पढ़ें