माफी मांगें अखिलेश यादव.. ब्राह्मणों के खिलाफ टिप्पणी पर भड़कीं मायावती
Last Updated:
UP Politics: समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी की ब्राह्मणों को लेकर की गई टिप्पणी पर सियासत तेज हो गई है. बसपा सुप्रीमो मायावती ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव से माफी की मांग की है. उन्होंने समाजवादी पार्टी को ब्राह्मण विरोधी बताते हुए कहा कि बसपा कभी यूज़ एंड थ्रो नहीं करती.
ब्राह्मणों के खिलाफ सपा प्रवक्ता की टिप्पणी से नाराज मायावती
लखनऊ. समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी द्वारा ब्राह्मणों को लेकर दिए गए बयान पर बसपा सुप्रीमो मायवती की तीखी प्रतिक्रिया आई है. बसपा सुप्रीमो मायावती ने राजकुमार भाटी के लिए समाजवादी पार्टी के मुखिया अखलेश यादव से मांग की है कि वे ब्राह्मणों से माफ़ी मांगें. उन्होंने कहा कि सपा प्रवक्ता के बयान से एक बार फिर साबित हुआ है कि सर्वसमाज का हित सिर्फ बसपा में सुरक्षित है. बसपा यूज एंड थ्रो नहीं करती.
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, ” समाजवादी पार्टी के एक राष्ट्रीय प्रवक्ता द्वारा अभी हाल ही में ब्राह्मण समाज को लेकर की गयी अभद्र, अशोभनीय एवं आपत्तिजनक टिप्पणी से हर तरफ भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है. उसकी तीव्र निंदा भी स्वाभाविक ही है. विवाद के फलस्वरूप पुलिस द्वारा मुक़दमा दर्ज किये जाने के बाद भी यह मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है. किन्तु संकीर्ण जातिवादी राजनीति करने वाली सपा के नेतृत्व की इस मामले को लेकर खामोशी से भी मामला और अधिक गंभीर होकर काफी तूल पकड़ता जा रहा है. स्थिति भी तनावपूर्ण होती जा रही है.
अखिलेश यादव को कर्मा चाहिए पश्चाताप
मायावती ने आगे कहा, ” वैसे भी सपा प्रवक्ता के ग़ैर-ज़िम्मेदाराना बयान से ब्राह्मण समाज के आदर-सम्मान व स्वाभिमान को जो ठेस पहुंची है, उसको गंभीरता से लेना चाहिए. सपा मुखिया को इसका तत्काल संज्ञान लेकर ब्राह्मण समाज से क्षमा याचना व पश्चाताप कर लेना चाहिये. इस ताजा प्रकरण से लोगों की नजर में यह भी साबित हुआ है कि सपा का खासकर दलितों, अति-पिछड़ों व मुस्लिम समाज आदि की तरह ब्राह्मण समाज-विरोधी भी है. इनका जातिवादी चाल व चरित्र बदला नहीं है, बल्कि और ज्यादा गहरा ही हुआ है. इसके साथ ही, ब्राह्मण समाज के प्रति वर्तमान सरकार के रवैयों को लेकर भी जो जबरदस्त नाराजगी इस समाज में देखने को मिल रही है, वह भी किसी से छिपा हुआ नहीं है.”
About the Author

अमित तिवारी, News18 Hindi के डिजिटल विंग में प्रिंसिपल कॉरेस्पॉन्डेंट हैं. वर्तमान में अमित उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और रिसर्च बेस्ड कवरेज कर रहे हैं. अख़बार…और पढ़ें