मुंबई, ठाणे और पालघर में आज स्कूल बंद, मौसम विभाग का बादल फटने का अलर्ट
Last Updated:
IMD Weather News Today LIVE: देश के तकरीबन सभी हिस्सों में मानसून सक्रिय हो चुका है. इस वजह से कई राज्यों में जोरदार बारिश हो रही है. महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर में मूसलाधार बारिश से हाल…और पढ़ें
IMD Weather News Today LIVE: मानसून की जोरदार बारिश की वजह से महाराष्ट्र के कई जिलों में आज स्कूल बंद रखने की घोषणा की गई है. भारी से बहुत भारी बारिश के चलते ट्रेन सेवाओं पर भी बुरा असर पड़ा है.
IMD Weather News Today LIVE: दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय होने के साथ ही देश के कई हिस्सों में जोरदार बारिश हो रही है. महाराष्ट्र, गुजरात और पूर्वोत्तर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से हालात बेहद खराब हैं. बारिश और लैंडस्लाइड की वजह से मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक रोकनी पड़ी थी. राहत की बात यह है कि अब एक्सप्रेसवे को फिर से यातायात के लिए खोल दिया गया है. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और उससे पैदा हुए संकट की समीक्षा के लिए मंत्रालय स्थित राज्य आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष पहुंचकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की. मुख्यमंत्री फडणवीस ने नियंत्रण कक्ष से राज्य के विभिन्न जिलों की स्थिति का जायजा लिया और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की. लगातार हो रही बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जबकि सड़क और रेल यातायात पर भी व्यापक असर पड़ा है.
मुख्यमंत्री फडणवीस ने इससे पहले महाराष्ट्र विधानसभा में कहा कि राज्य इस समय मौसम की अभूतपूर्व स्थिति का सामना कर रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि दिन के दौरान 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. फडणवीस ने लोगों से गैर-जरूरी यात्रा से बचने, झरनों और पहाड़ी पर्यटन स्थलों पर नहीं जाने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की. उन्होंने कहा कि राज्यभर में आपदा प्रबंधन, राहत और बहाली से जुड़ी टीमें लगातार तैनात हैं. भारी बारिश और भूस्खलन के कारण मुंबई-पुणे कॉरिडोर सबसे अधिक प्रभावित हुआ. घाट सेक्शन में कई स्थानों पर भूस्खलन होने से मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और पुराना मुंबई-पुणे राष्ट्रीय राजमार्ग अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा. वहीं, करजात और लोणावला के बीच रेलवे ट्रैक पर मलबा गिरने से कई ट्रेनों को रद्द, डायवर्ट या शॉर्ट-टर्मिनेट करना पड़ा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
यातायात बहाल
महाराष्ट्र स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एमएसआरडीसी) ने मलबा हटाने और व्यापक सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद पुणे-मुंबई कनेक्टिंग लिंक रोड पर वाहनों की आवाजाही बहाल कर दी. निगम ने बताया कि सुरक्षा उपाय पूरे होने के बाद मार्ग को फिर से यातायात के लिए खोल दिया गया है. मुंबई महानगर क्षेत्र में भी लगातार बारिश ने हालात गंभीर कर दिए हैं. शहर के कई इलाकों में जलभराव, ट्रैफिक जाम और पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं. मानखुर्द इलाके में एक अवैध ढांचा पास की झुग्गियों पर गिरने से छह लोगों की मौत हो गई. वहीं ठाणे में एक होर्डिंग गिरने की घटना भी सामने आई, जबकि पुणे जिले के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं.
ऑरेंज अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में मुंबई में पूरे जुलाई महीने के औसत के बराबर बारिश होने की संभावना है. इसके मद्देनजर प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी है. लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने महाराष्ट्र में परिवहन व्यवस्था, दैनिक जीवन और आपदा प्रबंधन तंत्र की बड़ी परीक्षा ले ली है. राज्य सरकार ने स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने और प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्बहाली कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए हैं.