मेरठ-बरेली और मुजफ्फरनगर के बाद संभल में भी स्कूल-कॉलेज की छुट्टी, क्यों?
Last Updated:
UP School holiday: कांवड़ यात्रा और सावन के पहले सोमवार को देखते हुए उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बंपर छुट्टियों का ऐलान कर दिया गया है. मुजफ्फरनगर, मेरठ और बरेली के बाद अब संभल जिला प्रशासन ने भी 3 अगस्त को कक्षा 1 से 8वीं तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है. बच्चों की सुरक्षा और संभावित ट्रैफिक जाम से बचने के लिए यह कदम उठाया गया है. इसके साथ ही, सावन के सभी सोमवार को जिले के डिग्री कॉलेज, आईटीआई और अन्य शिक्षण संस्थान भी बंद रहेंगे. आइए जानते हैं कि आपके जिले में कितने दिनों की छुट्टी घोषित हुई है.
School Closed Tomorrow: कल यूपी के कई जिलों के स्कूलों की छुट्टी का ऐलान किया गया है.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा की धूम मच हुई है. सड़कों पर शिवभक्त कांवड़ियों का भारी हुजूम उमड़ा हुआ है. कांवड़ यात्रा को देखते हुए कई जिलों के ट्रैफिक रूट्स में बदलाव किए गए हैं. इसी कांवड़ यात्रा के दौरान ट्रैफिक जाम और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार और स्थानीय जिला प्रशासन ने कई जिलों में स्कूलों में छुट्टियों का ऐलान कर दिया है. मेरठ, मुजफ्फरनगर और बरेली के बाद अब संभल जिले में भी प्रशासन ने स्कूल-कॉलेज बंद रखने के सख्त निर्देश जारी किए हैं.
संभल जिला प्रशासन ने कांवड़ियों की भारी आवाजाही को देखते हुए 3 अगस्त (श्रावण मास के प्रथम सोमवार) को जनपद के कक्षा नर्सरी से 8वीं तक के सभी विद्यालयों में पूर्ण अवकाश घोषित किया है. जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) अलिका शर्मा ने आदेश जारी कर बताया कि सभी परिषदीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त स्कूल सोमवार को बंद रहेंगे. सीबीएसई (CBSE), आईसीएसई (ICSE) और उत्तर प्रदेश बोर्ड सहित अन्य सभी बोर्डों से संचालित स्कूलों को 3 अगस्त को सख्ती से बंद रखना होगा. आदेश का उल्लंघन करने वाले विद्यालय प्रबंधन पर प्रशासन द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
सावन के हर सोमवार को बंद रहेंगे ये संस्थान
31 जुलाई को जारी आदेश अनुसार, केवल स्कूल ही नहीं बल्कि सावन के सभी सोमवार को कॉलेज भी बंद करने का आदेश जारी किया गया है. इस दौरान जिले के निम्नलिखित संस्थान पूर्ण रूप से बंद रहेंगे:
सभी बेसिक और माध्यमिक विद्यालय
CBSE, ICSE और अन्य बोर्डों के स्कूल
डिग्री कॉलेज और महाविद्यालय
आईटीआई (ITI) और पॉलिटेक्निक संस्थान
अन्य सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थान
मेरठ, मुजफ्फरनगर और बरेली में छुट्टियां
संभल से पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई अन्य जिलों में छुट्टी का ऐलान कर दिया गया था. जैसे कि
- मुजफ्फरनगर: कांवड़ियों के सबसे बड़े रूट में से एक होने के कारण, मुजफ्फरनगर में 3 अगस्त से लेकर 10 अगस्त 2026 तक सभी स्कूलों और शिक्षण संस्थानों में पूर्ण अवकाश घोषित कर दिया गया है.
- मेरठ: मेरठ जिले में कांवड़ यात्रा को देखते हुए प्रशासन ने 3 अगस्त से 13 अगस्त तक स्कूलों को बंद करने का ऐलान कर दिया.
- बरेली: बरेली में कांवड़ियों के भारी जमावड़े और संभावित जाम को देखते हुए जिला प्रशासन ने देर रात स्कूलों में छुट्टी का ऐलान किया. जिले के सभी स्कूल सावन महीने में प्रत्येक सोमवार को बंद रहेंगे.
क्यों लिया गया यह फैसला?
प्रशासन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखना है. सावन के सोमवार पर बड़ी संख्या में कांवड़िये विभिन्न मंदिरों में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए निकलते हैं. इससे प्रमुख मार्गों और नगर क्षेत्रों में यातायात का अत्यधिक दबाव बढ़ जाता है, जिससे स्कूली बच्चों के वाहनों के जाम में फंसने और दुर्घटनाओं की भारी आशंका रहती है. प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे कांवड़ मार्गों पर अनावश्यक यात्रा से बचें और ट्रैफिक डायवर्जन के नियमों का पालन करें.
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें