मेरठ में दिखा जयंत चौधरी का ‘शायराना’ अंदाज, बशीर बद्र के शेर से भरी हुंकार
Jayant Chaudhary Meerut Rally: ‘जिस दिन से चला हूं मेरी मंजिल पर नजर है, आंखों ने कभी मील का पत्थर नहीं देखा…’ मशहूर शायर बशीर बद्र के इन अल्फाजों के साथ राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के मुखिया और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश की धरती से साल 2027 के विधानसभा चुनावों का बिगुल फूंक दिया है. मेरठ के ईकड़ी गांव में आयोजित ‘एकता रैली’ में जयंत चौधरी संगठन की मजबूती, सामाजिक एकता और युवाओं की भागीदारी पर जोर दिया. उन्होंने न केवल चौधरी चरण सिंह की विरासत को याद किया, बल्कि विकास और भाईचारे के मंत्र के साथ कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया.
चौधरी चरण सिंह की विरासत और मिशन 2027
रैली को संबोधित करते हुए जयंत चौधरी ने साफ कर दिया कि उनकी राजनीति का केंद्र आज भी किसान ही है. उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी के विचार आज के दौर में भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने पहले थे. जयंत ने कार्यकर्ताओं को टास्क देते हुए कहा, ‘हमें पुराने रास्तों पर चलते हुए नए लोगों को जोड़ना है. अगर हर नौजवान 10 नए लोगों को पार्टी से जोड़ेगा, तो 2027 में हमें अपनी मंज़िल पाने से कोई नहीं रोक सकता.’
उन्होंने भाईचारे पर जोर देते हुए कहा कि किसान की कोई जाति नहीं होती. हिंदू और मुसलमान, सभी को एकजुट होकर एक-दूसरे का सहयोग करना चाहिए.
अखिलेश यादव के ‘किसान’ वाले बयान पर पलटवार
न्यूज़ 18 से खास बातचीत के दौरान जयंत चौधरी ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के किसान संबंधी बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी. जयंत ने स्वीकार किया कि किसान आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रहा है, लेकिन उन्होंने समाधान भी बताया. उन्होंने कहा,
किसान की समस्या से कोई इनकार नहीं कर रहा, लेकिन बिना पूंजी निवेश के खेती को मुनाफे का सौदा नहीं बनाया जा सकता. हमारी सरकार कोशिश कर रही है कि सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ किसानों तक पहुंचे. जब किसान के पास पूंजी होगी, तभी वह आगे बढ़ पाएगा.
गन्ने का भाव और हाईटेक खेती का विजन
जयंत चौधरी ने अपनी उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि उन्होंने लोकसभा चुनाव में गन्ने का भाव 400 रुपये पार करने का वादा किया था, जिसे पूरा कर दिया गया है. उन्होंने पश्चिमी यूपी के लोगों को अपना परिवार बताते हुए कहा कि अब समय आ गया है जब किसानों को ‘हाईटेक’ और जागरूक होना पड़ेगा. एनसीआर क्षेत्र में हॉर्टिकल्चर (बागवानी) की अपार संभावनाएं हैं, जिससे किसानों की आय को दोगुना किया जा सकता है.
सपा-कांग्रेस पर तीखा हमला: महिला आरक्षण और दंड
महिला आरक्षण के मुद्दे पर जयंत चौधरी ने विपक्षी दलों को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा, ‘समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने महिला आरक्षण बिल में अड़ंगा डालने का काम किया है. उन्हें शायद इससे कुछ समय के लिए राजनीतिक लाभ मिल गया हो, लेकिन आने वाले समय में उन्हें इसकी सजा और दंड ज़रूर मिलेगा.’ उन्होंने उत्तर प्रदेश की बेटियों की तारीफ करते हुए कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में बेटों से आगे निकल रही हैं.
सीएम योगी की तारीफ और यूपी का विकास मॉडल
अपने संबोधन में जयंत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि सीएम योगी ने सदन में राष्ट्रीय लोक दल का सम्मान के साथ नाम लिया, जो किसानों के प्रति सरकार की संजीदगी को दर्शाता है. उन्होंने मेरठ में बन रहे मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय को खिलाड़ियों के लिए गेम-चेंजर बताया और कहा कि यूपी सरकार शिक्षा और स्वयं सहायता समूहों के जरिए महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही है.