मॉडल रॉकेट का सफल ट्रायल, एक किमी. ऊंचाई तक गया

0
मॉडल रॉकेट का सफल ट्रायल, एक किमी. ऊंचाई तक गया


Last Updated:

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में मॉडल रॉकेट्री और कैनसैट स्टूडेंट इंडिया प्रतियोगिता 2024-25 की तैयारी के लिए सफलतापूर्वक ट्रायल लॉन्च हुआ. इस आयोजन में इसरो, आईएन-स्पेस और एएसआई शामिल थे.

मॉडल रॉकेट का ट्रायल के दौरान कुशीनगर के डीएम महेंद्र सिंह तंवर व अन्‍य.

कुशीनगर. उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में मॉडल रॉकेट्री और कैनसैट स्टूडेंट इंडिया प्रतियोगिता 2024-25 की तैयारी के लिए मॉडल रॉकेट का ट्रायल लॉन्च सफलतापूर्वक हुआ. यह आयोजन तमकुही राज तहसील के रकबा जंगल पट्टी सेवरही गांव में नारायणी नदी के तट पर हुआ. भारतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष संवर्धन एवं प्राधिकरण केंद्र (आईएन-स्पेस), एस्ट्रोनॉटिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया (एएसआई) और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने इसे मिलकर आयोजित किया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में हुए इस कार्यक्रम का शुभारंभ देवरिया के सांसद शशांक मणि ने किया.

इस ट्रायल लॉन्च में मॉडल रॉकेट का लॉन्चर सिस्टम टेस्ट किया गया, जो पूरी तरह सफल रहा. आईएन-स्पेस के निदेशक डॉ. विनोद कुमार ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिता से पूर्वांचल के युवाओं में अंतरिक्ष के प्रति उत्साह बढ़ेगा. छात्र रॉकेट की ऊंचाई, गति और प्रक्षेपण पथ जैसी गणनाएं सीखेंगे. वे रॉकेट को स्थिर रखने, अधिकतम ऊंचाई हासिल करने और सुरक्षित लैंडिंग जैसी चुनौतियों का सामना करेंगे. इससे उनकी रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच बढ़ेगी.

कुशीनगर के जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने इसे ऐतिहासिक आयोजन बताया. उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाएगी और उनके सर्वांगीण विकास में मदद करेगी. यह ट्रायल लॉन्च अक्टूबर-नवंबर 2025 में होने वाली मुख्य प्रतियोगिता की तैयारी का हिस्सा था. इस प्रतियोगिता में देशभर से 600 युवा वैज्ञानिक अपने मॉडल रॉकेट और कैनसैट (छोटे उपग्रह) प्रदर्शित करेंगे. मॉडल रॉकेट को निजी कंपनी थ्रस्ट टेक इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने बनाया, जो 1 किलोमीटर की ऊंचाई तक गया और 1 किलोग्राम के कैनसैट को सफलतापूर्वक तैनात किया. रॉकेट और कैनसैट को पैराशूट की मदद से सुरक्षित उतारा गया.

इस परीक्षण का उद्देश्य लॉन्च स्थल की उपयुक्तता, सुरक्षा, संचार रेंज और रिकवरी की स्थिति जांचना था. यह सब मुख्य प्रतियोगिता के लिए जरूरी है, जहां छात्र अपने बनाए रॉकेट और कैनसैट लॉन्च करेंगे. इसरो और आईएन-स्पेस के वैज्ञानिक छात्रों का मार्गदर्शन कर रहे हैं. यह आयोजन कुशीनगर के युवाओं को अंतरिक्ष विज्ञान में कदम रखने का सुनहरा मौका देगा.

homeuttar-pradesh

मॉडल रॉकेट का सफल ट्रायल, एक किमी. ऊंचाई तक गया



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *