यूपी लेक्‍चरर भर्ती के 18 विषयों के इंटरव्यू की तारीखें जारी, 15 जून से साक्षात्‍कार

0
यूपी लेक्‍चरर भर्ती के 18 विषयों के इंटरव्यू की तारीखें जारी, 15 जून से साक्षात्‍कार


UPESSC Lecturer Interview 2026: उत्तर प्रदेश में प्रवक्ता (Lecturer)भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने 18 विषयों के प्रवक्ता पदों के लिए इंटरव्यू का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है.आयोग की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार साक्षात्कार प्रक्रिया 15 जून से शुरू होकर 27 जून 2026 तक चलेगी. कुल 11 कार्य दिवसों में इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे.आयोग ने हाल ही में लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित किया था जिसके बाद अब सफल अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जा रहा है.

624 पदों पर होगी भर्ती

इस भर्ती अभियान के जरिए विभिन्न विषयों के प्रवक्ता पदों पर कुल 624 रिक्तियों को भरा जाएगा. इन पदों के लिए आयोजित लिखित परीक्षा में सफल होने वाले 2253 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए चुना गया है.भर्ती प्रक्रिया के तहत भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान, गृह विज्ञान, इतिहास, शिक्षा शास्त्र, अंग्रेजी, कृषि, वाणिज्य, समाजशास्त्र, नागरिक शास्त्र, गणित, अर्थशास्त्र, संस्कृत, मनोविज्ञान, रसायन विज्ञान, भूगोल, कला और हिंदी विषयों के प्रवक्ता पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी.

1.92 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों ने दी थी परीक्षा

प्रवक्ता भर्ती की लिखित परीक्षा 9 और 10 मई 2026 को आयोजित की गई थी. इस परीक्षा में कुल 1 लाख 92 हजार 934 अभ्यर्थी शामिल हुए थे. आयोग ने 2 जून 2026 को देर शाम इसका परिणाम घोषित किया था. रिजल्ट जारी होने के बाद अब भर्ती प्रक्रिया का अगला चरण यानी इंटरव्यू शुरू किया जा रहा है.

5 जून से डाउनलोड कर सकेंगे इंटरव्यू लेटर

आयोग ने बताया है कि इंटरव्यू के लिए सफल घोषित किए गए अभ्यर्थी 5 जून 2026 से अपना साक्षात्कार पत्र डाउनलोड कर सकेंगे. इसके लिए उन्हें आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर लॉगिन करना होगा. इसके अलावा इंटरव्यू की सूचना अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस और ईमेल आईडी पर भी भेजी जाएगी.

15 जून को इन विषयों से होगी इंटरव्यू की शुरुआत

इंटरव्यू का पहला दिन 15 जून होगा. इस दिन वाणिज्य, कला, मनोविज्ञान, कृषि और गृह विज्ञान विषय के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा. इसके अगले दिन 16 जून को भौतिक विज्ञान और इतिहास विषय के उम्मीदवार इंटरव्यू में शामिल होंगे.17 जून को रसायन विज्ञान और समाजशास्त्र विषय के अभ्यर्थियों को बुलाया गया है वहीं 18 जून को नागरिक शास्त्र और गणित विषय के उम्मीदवारों के इंटरव्यू होंगे.

19 और 20 जून को इन विषयों के इंटरव्यू

19 जून को जीव विज्ञान विषय के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा. इसके बाद 20 जून को संस्कृत विषय के उम्मीदवारों के इंटरव्यू लिए जाएंगे.

21 जून को रहेगा अवकाश

आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 21 जून रविवार होने के कारण उस दिन कोई इंटरव्यू आयोजित नहीं किया जाएगा. इस दिन अवकाश रहेगा.अवकाश के बाद 22 जून को भूगोल और शिक्षा शास्त्र विषय के अभ्यर्थियों का इंटरव्यू आयोजित होगा. 23 जून को अर्थशास्त्र विषय के उम्मीदवार साक्षात्कार में शामिल होंगे.24 जून को अंग्रेजी विषय के अभ्यर्थियों के इंटरव्यू होंगे. वहीं 25 जून को अंग्रेजी और हिंदी दोनों विषयों के अभ्यर्थियों को बुलाया गया है.इसके बाद 27 जून को हिंदी विषय के बचे हुए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा.

विषयवार और श्रेणीवार होगा इंटरव्यू

आयोग ने स्पष्ट किया है कि साक्षात्कार प्रक्रिया विषयवार और श्रेणीवार आयोजित की जाएगी. सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि और समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ इंटरव्यू स्थल पर पहुंचना होगा. आयोग ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे समय-समय पर आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाले निर्देशों को भी देखते रहें.

वेबसाइट पर उपलब्ध है रिजल्ट

प्रवक्ता भर्ती परीक्षा का परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है. अभ्यर्थी अपने रोल नंबर और अन्य जरूरी जानकारी दर्ज कर रिजल्ट देख सकते हैं. अब इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग अंतिम चयन सूची जारी करेगा जिसके आधार पर 624 प्रवक्ता पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी.उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के उपसचिव की ओर से जारी विज्ञप्ति में यह पूरी जानकारी दी गई है. ऐसे में इंटरव्यू के लिए चयनित अभ्यर्थियों को अब साक्षात्कार की तैयारी तेज कर देनी चाहिए क्योंकि भर्ती प्रक्रिया का यह अंतिम और सबसे महत्वपूर्ण चरण माना जाता है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *