रामगढ़ ताल: क्रूज, फ्लोटिंग रेस्टोरेंट और बोटिंग के साथ लीजिए मिनी ‘गोवा’ का अहसास
Last Updated:
Ramgarh Taal Gorakhpur: पूर्वांचल के पर्यटन मानचित्र पर गोरखपुर का रामगढ़ ताल आज एक चमकदार सितारे की तरह उभर चुका है. प्राकृतिक सुंदरता और अत्याधुनिक आधुनिक सुविधाओं का यह संगम सिर्फ स्थानीय लोगों ही नहीं, बल्कि दूर-दराज़ से आने वाले पर्यटकों के लिए भी पहली पसंद बन गया है. रंग-बिरंगी रोशनियों से जगमगाती शाम, पानी की लहरों पर थिरकता क्रूज और फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का शानदार माहौल रामगढ़ ताल हर मायने में आपको एक जादुई अहसास कराता है. आइए जानते हैं क्या है इस खूबसूरत ताल की सबसे बड़ी खासियतें.
गोरखपुर का रामगढ़ ताल शहर के सबसे खूबसूरत और लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में गिना जाता है. सुबह की ताजगी हो या शाम की रंगीन रोशनी, हर समय यहां पर्यटकों की जबरदस्त भीड़ देखने को मिलती है. परिवार, दोस्त और कपल्स बड़ी संख्या में यहां घूमने और सुकून के पल बिताने पहुंचते हैं.
सूरज ढलने के बाद रामगढ़ ताल की खूबसूरती कई गुना बढ़ जाती है. ताल के पानी पर पड़ती रंग-बिरंगी रोशनी और उठती हल्की लहरें ऐसा एहसास कराती हैं मानो किसी समुद्र के किनारे खड़े हों. रात के समय यहां का नजारा पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर देता है.
रामगढ़ ताल में चलने वाला क्रूज पर्यटकों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण है. शाम के समय जब क्रूज पानी की लहरों पर सफर करता है तो लोग संगीत, ठंडी हवा और खूबसूरत नजारों का भरपूर आनंद लेते हैं. यह अनुभव गोरखपुर आने वाले हर पर्यटक की यादों का खास हिस्सा बन जाता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
ताल के बीच स्थित फ्लोटिंग रेस्टोरेंट अपनी अनोखी बनावट और शानदार माहौल के लिए प्रसिद्ध है. यहां लोग स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लेने के साथ लाइव म्यूजिक, डिस्को और बार जैसी सुविधाओं का भी लुत्फ उठाते हैं. पानी के बीच बैठकर भोजन करने का अनुभव इसे और खास बना देता है.
रामगढ़ ताल में पैडल बोट, मोटर बोट और अन्य बोटिंग सुविधाएं उपलब्ध हैं. शांत लहरों के बीच बोटिंग करते हुए पर्यटक ताल की प्राकृतिक सुंदरता को बेहद करीब से महसूस करते हैं. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर उम्र के लोगों के लिए यह आकर्षण का केंद्र है.
शाम होते ही रामगढ़ ताल में लगने वाले संगीतमय और रंग-बिरंगी रोशनी वाले फव्वारे लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लेते हैं. पानी, संगीत और रोशनी का शानदार संगम देखने के लिए दूर-दूर से लोग यहां पहुंचते हैं और देर तक इस खूबसूरत दृश्य का आनंद लेते हैं.
रामगढ़ ताल के आसपास पर्यटकों के लिए खाने-पीने की कई बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध हैं. स्थानीय स्ट्रीट फूड से लेकर रेस्टोरेंट और कैफे तक, यहां हर स्वाद के लोगों के लिए कुछ न कुछ खास मौजूद है. घूमने के साथ स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद इस यात्रा को और यादगार बना देता है.
रामगढ़ ताल आज गोरखपुर की पहचान बन चुका है. यहां सुबह वॉक करने वाले लोगों से लेकर शाम को घूमने आने वाले परिवार, युवा और पर्यटक बड़ी संख्या में पहुंचते हैं. खूबसूरत पाथवे, मनमोहक प्राकृतिक दृश्य, आधुनिक पर्यटन सुविधाएं और शांत वातावरण इसे शहर के सबसे पसंदीदा पर्यटन स्थलों में शामिल करते हैं.