रामाशीष राय के इस्तीफे के बाद RLD का धमाका, ऐश्वर्य राज सिंह बने नए यूपी प्रदेश अध्यक्ष
Last Updated:
RLD News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बीच राज्य की राजनीति गरमा हुई है. पार्टियों में लगातार संगठनात्मक हलचल देखने को मिल रही है. अभी शुक्रवार को राष्ट्रीय लोक दल (RLD) में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. ऐश्वर्य राज सिंह को उत्तर प्रदेश का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है. पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय द्वारा अचानक पद से इस्तीफा दिए जाने के महज कुछ ही घंटों बाद पार्टी के केंद्रीय कार्यालय ने इस नई नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा कर दी.
RLD के न्यू चीफ बने ऐश्वर्य राज सिंह.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की सियासत में आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर अभी से जोड़-तोड़ और संगठनात्मक फेरबदल का दौर शुरू हो चुका है. इसी कड़ी में जयंत चौधरी की अगुवाई वाली राष्ट्रीय लोक दल (RLD) ने उत्तर प्रदेश में संगठन का नया मुखिया चुन लिया है. RLD केंद्रीय कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, श्री ऐश्वर्य राज सिंह को उत्तर प्रदेश का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है.
गौरतलब है कि शुक्रवार को ही RLD के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. उनके इस्तीफे के बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि पार्टी जल्द ही किसी नए चेहरे को कमान सौंप सकती है. हालांकि, किसी को यह उम्मीद नहीं थी कि यह फैसला इतनी तेजी से लिया जाएगा. रामाशीष राय के इस्तीफे के कुछ ही घंटों बाद RLD के केंद्रीय कार्यालय ने ऐश्वर्य राज सिंह के नाम पर मुहर लगाते हुए आधिकारिक सूची जारी कर दी. इस त्वरित फैसले से सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है.
2027 विधानसभा चुनाव से पहले बड़ी चुनौती
नए प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह के कंधे पर अब उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय लोक दल की राजनीतिक जमीन को और मजबूत करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी. 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव अब बहुत दूर नहीं हैं, ऐसे में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ राज्य के अन्य हिस्सों में भी पार्टी के कैडर को सक्रिय करना उनके लिए सबसे मुख्य कार्य होगा.
पार्टी नेताओं ने दी बधाई, जताया भरोसा
ऐश्वर्य राज सिंह की नियुक्ति के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है. तमाम नेताओं ने उन्हें बधाई देते हुए शुभकामनाएं दी हैं. नेताओं ने उम्मीद जताई है कि ऐश्वर्य राज सिंह के कुशल नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा उत्तर प्रदेश में जनता के हितों की लड़ाई को RLD और अधिक प्रखरता से लड़ेगी.
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें