लखनऊ में IPL मैच के चलते ट्रैफिक डायवर्जन, दोपहर 3 बजे से भारी वाहनों पर रोक
लखनऊ: क्रिकेट के महाकुंभ आईपीएल की शुरुआत हो चुकी है, तो वहीं अब तक कई मैच भी खेले जा चुके हैं. इस दौरान अब 26 अप्रैल को शहीद पथ स्थित इकाना स्टेडियम में केकेआर और एलएसजी के बीच मुकाबला खेला जाएगा. मैच के मद्देनजर लखनऊ शहर में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव भी किया गया है. रविवार दोपहर 3 बजे से मैच खत्म होने तक भारी वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी, जबकि कार, बाइक, टैक्सी, कैब और सिटी बस जैसे हल्के वाहन सामान्य रूप से चल सकेंगे.
शाम 7:30 बजे से शुरू होने वाले मैच को देखते हुए दोपहर 3 बजे से ही कई रास्तों पर दबाव बढ़ने की संभावना है. शाम 6 बजे से रात 8 बजे के बीच भीड़ ज्यादा रहने की आशंका है, ऐसे में निजी वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि शहीद पथ, कानपुर रोड, एक्सप्रेस-वे, बाराबिरवा और अमौसी की ओर जाने से बचें और अन्य रास्तों का इस्तेमाल करें.
वैकल्पिक मार्ग इस प्रकार रहेंगे:
अयोध्या रोड से आने वाले भारी वाहन किसान पथ से होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे, जबकि हल्के वाहन आईजीपी होते हुए लोहिया पथ के रास्ते आगे बढ़ सकेंगे.
कानपुर रोड से आने वाले वाहन अवध चौराहे से बंगलाबाजार, तेलीबाग, लालबत्ती और 1090 चौराहा होते हुए किसान पथ का रास्ता ले सकते हैं.
सुल्तानपुर रोड से आने वाले बड़े वाहनों को अमूल डेयरी कटिंग से वृंदावन योजना या कबीरपुर होते हुए किसान पथ की ओर मोड़ा जाएगा.
कमता तिराहे से शहीद पथ होते हुए कानपुर जाने वाले हल्के वाहन अहिमामऊ रैंप के बजाय सीधे शहीद पथ से जा सकेंगे.
इकाना स्टेडियम की पार्किंग में जाने वाले बड़े वाहनों को शहीद पथ की बजाय अर्जुनगंज, कैंट या अहिमामऊ चौराहे के रास्ते भेजा जाएगा.
प्रशासन ने दर्शकों से अपील की है कि समय से पहले घर से निकलें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके.