वेल्डिंग मैन की बेटी का वर्ल्ड कप में हुआ सिलेक्शन, ताऊ ने कहा- अब सपना पूरा
Last Updated:
saharanpur News: WPL में धमाल मचा चुकीं सहारनपुर की बेटी नंदिनी शर्मा का सिलेक्शन अब वर्ल्ड कप में हो गया है, जिसके बाद उनके गांव में खुशी की लहर है. गांव में रहने वाले उनके ताऊ ने बताया कि नंदिनी बचपन से ही काफी होनहार खिलाड़ी है और उसके सिलेक्शन के बाद से गांव में खुशी की लहर है.
सहारनपुर: सहारनपुर का क्रिकेट लगातार ऊंचाइयों को छू रहा है. उसी का नतीजा है कि अब सहारनपुर की बेटी वर्ल्ड कप में खेल कर सहारनपुर का नाम रोशन करेगी. सहारनपुर के रणदेवा गांव की बेटी नंदिनी शर्मा महिला टी-20 विश्व कप में अपनी तेज गेंदबाजी का जलवा दिखाएंगी. उसके चयन पर गांव में खुशी का माहौल है. लोगों ने मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया है.
आपको बता दें कि नंदनी शर्मा इससे पहले WPL में धमाल मचा चुकी हैं, जिन्होंने एक ही ओवर में चार और पूरे मैच में पांच विकेट लेकर यह साबित किया कि वह भारतीय टीम में खेलकर भारत को वर्ल्ड कप जिताएंगी. इसके बाद नंदिनी का वर्ल्ड कप में चयन होने के बाद गांव परिवार के लोगों में खुशी का माहौल है. नंदिनी गरीब परिवार से आती हैं और उनके पिता वेल्डिंग का काम करते हैं. उन्होंने चंडीगढ़ में प्रैक्टिस की है. नंदिनी के पिता श्याम सुंदर शर्मा चाय की दुकान चलाते थे और 1990 में परिवार के साथ चंडीगढ़ चले गए. वहां उन्होंने टेक्निकल मिस्त्री का कार्य किया और अपनी बेटी को एक बेहतर क्रिकेटर बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी.
ले चुकी हैं हैट्रिक
नंदिनी ने चंडीगढ़ की 24 वर्षीय तेज गेंदबाज के रूप में वूमेंस प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने गुजरात जायंट्स के खिलाफ एक ही मैच में हैट्रिक लेते हुए पांच विकेट लिए थे. हालांकि उनकी टीम को जीत नहीं मिल सकी थी. नंदिनी ने चंडीगढ़ सीनियर महिला टीम, नार्थ जोन और इंडिया बी का भी प्रतिनिधित्व किया है. साल 2025 में उन्होंने चंडीगढ़ टीम की कप्तानी भी की थी. नंदिनी के पिता का क्रिकेट का शौक आज उनकी बेटी नंदिनी को इस मुकाम पर ले आया है. नंदिनी शर्मा को क्रिकेट खेलता हुआ देख अब गांव की बेटियां भी क्रिकेट की ओर बढ़ रही है.
पिता का सपना अब बेटी कर रही पूरा
नंदिनी शर्मा के ताऊ नानक चंद ने लोकल 18 से बात करते हुए बताया कि जब नंदिनी का सिलेक्शन वर्ल्ड कप टीम में हुआ, तब बहुत अच्छा लगा. उसके पिताजी शुरू से ही कहते थे कि यह लड़की कुछ ना कुछ जरूर करके दिखाएगी और वही सब कुछ नंदिनी ने सच कर दिखाया है. जब नंदिनी छोटी थी तब वह मेरे साथ क्रिकेट खेला करती थी और तब मैं उसको बोलना था कि मुझको चोट मत मार देना. नंदिनी बोलती थी कि ताऊ जी आप टेंशन मत लो, मैं अच्छा क्रिकेट खेलूंगी.
उन्होंने बताया कि नंदिनी से पहले नंदिनी के पिता मेरा छोटा भाई श्याम सुंदर क्रिकेट खेला करता था. नंदिनी का बड़ा भाई भी क्रिकेट खेलने का शौकीन था, लेकिन वह आगे नहीं बढ़ पाया. इसके बाद नंदिनी के पिता का सारा ध्यान केवल नंदिनी के ऊपर चला गया और उसकी क्रिकेट में तैयारी करानी शुरू की, जिसका नतीजा आज यह है कि नंदिनी वर्ल्ड कप टीम में सिलेक्ट हुई है. इससे पूरे परिवार और गांव में खुशी का माहौल है.
लड़कियां क्रिकेट की ओर हो रहीं अग्रसर
नंदिनी शर्मा की भतीजी अंशिका शर्मा ने लोकल 18 से बात करते हुए बताया कि नंदिनी शर्मा मेरी बुआ जी लगती हैं. उनका वर्ल्ड कप टीम में सिलेक्शन हुआ है, जिससे हमारे परिवार और गांव में बहुत ज्यादा खुशी है. हम उनका क्रिकेट मैच देखकर बहुत ही खुश होते हैं और अब तो गांव की लड़कियों ने भी क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया है. यहां तक कि कुछ लड़कियां तो अपने आपको अब नंदनी शर्मा बताने लगी हैं.
पिता के सपनों को लगाई पंख, बेटी बनी क्रिकेटर
नंदिनी के ताऊ सतीश शर्मा ने लोकल 18 से बात करते हुए बताया कि 30 साल पहले नंदिनी का परिवार इस गांव को छोड़कर के चंडीगढ़ काम करने के लिए चला गया था. नंदिनी के पिता चंडीगढ़ में वेल्डिंग का काम करते हैं. नंदनी के पिता शुरू से ही क्रिकेट के शौकीन रहे हैं, जो फास्ट बॉल किया करते थे. अपने पिता श्याम सुंदर से ही प्रेरित होकर नंदिनी शर्मा ने फास्ट बॉलिंग करना शुरू किया था. रणजी में अच्छा खेलने के बाद नंदिनी पर सिलेक्शन वालों की नजर पड़ी और उन्होंने नंदिनी को 20 लाख रुपए में दिल्ली की टीम में शामिल कर लिया. इसके बाद नंदिनी गांव में आई और उसने पूरे गांव में मिठाई बाटी.
गांव में बजे ढोल नगाड़े
WPL में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद नंदिनी की उम्मीद इंडियन टीम में आने की तेज हो गई और अचानक से खबर आई कि नंदिनी का सिलेक्शन 12 जून से होने जा रहे वर्ल्ड कप टीम में हो गया है. सबसे पहले इसकी खबर हम लोगों को लगी, जिसके बाद हमने नंदिनी के पिता को फोन कर नंदिनी के वर्ल्ड कप में सिलेक्ट होने की खबर उनको सुनाई. इसके बाद गांव में खुशी का माहौल हो गया. ढोल-नगाड़ों के साथ मिठाई बांटी गई. गांव में हम लोग एक साथ बैठकर नंदिनी का मैच देखते हैं और हमें उम्मीद है कि हमारी बेटी वर्ल्ड कप में अच्छा प्रदर्शन कर भारत को वर्ल्ड कप दिलाकर रहेगी.
About the Author
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.