‘शंकराचार्य का अपमान मुगलों ने भी नहीं किया’… बोले स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद
Last Updated:
Agra News: यूपी के आगरा में रविवार को स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज पहुंचे. मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने ‘शंकराचार्य’ के अपमान को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए गौ रक्षा को लेकर सरकार पर निशाना साधा.
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का सरकार पर हमला
आगरा: ज्योतिष्पीठाधीश्वर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती रविवार के दिन गविष्ठ यात्रा के तहत आगरा पहुंचे थे, जहां उन्होंने सरकार पर निशाना साधा और गौ रक्षा को लेकर अपनी राय रखी. मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने ‘शंकराचार्य’ के अपमान को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी. सैफई परिवार से मुलाकात को लेकर भी स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज ने अपनी बात कही.
दरअसल आगरा में होने वाले गविष्ठ यात्रा में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज पहुंचे थे. इस दौरान उनका काफी स्वागत सत्कार किया गया. इसके बाद फिर वह परशुराम मंदिर में मीडिया से रूबरू हुए. मीडिया से बात करते अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि सत्ता में ऐसे लोगों को लेकर आए, जो गाय को राष्ट्रीय माता का दर्जा दें.
शंकराचार्य के अपमान पर बोले स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद
उन्होंने सरकार और सीएम योगी पर जुबानी हमला करते हुए कहा कि सभी लोग शंकराचार्य का सम्मान करते हैं, लेकिन एक व्यक्ति अहंकार में चूर है. शंकराचार्य का अपमान तो मुगलों और अंग्रेजों ने भी नहीं किया. भाजपा में भी अब दो भाजपा हो गई है. एक भाजपा गाय को प्यार करती है और दूसरी गाय को माता कहने को तैयार नहीं है. अच्छी भाजपा को हम स्वीकार करते हैं, लेकिन गलत भाजपा का हम प्रतिकार करते है. 78 साल में वादा पूरा नहीं हुआ, ये तो हमारे साथ छल हुआ है.
सैफई परिवार से मुलाकात का किया जिक्र
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने आगे कहा कि सीएम योगी बोलते हैं कि गाय हमारी माता है, लेकिन मां और बेटे के संबंध को घोषित करने की जरूरत नहीं है. देश में सभी नेताओं की परीक्षा ट्रस्ट होनी चाहिए, सभी नेता टेस्ट में गाय को माता कहें और जो सत्ता में हैं वह प्रस्ताव पास कराकर गाय को माता कहें. अभी तक इस टेस्ट में सिर्फ एक ही नेता पास हुए हैं और वह हैं महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे. सैफई यात्रा को लेकर उन्होंने कहा कि हम इस यात्रा के दौरान सैफई भी गए और सैफई परिवार से मुलाकात भी हुई. उन्होंने हमारा स्वागत सत्कार किया, हमने उन्हें आशीर्वाद भी दिया, लेकिन वहीं पर ही हमने बोल दिया कि यह आशीर्वाद व्यक्तिगत है, पार्टी के रूप में नहीं है.
About the Author

आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.