सावधान! यूपी में आसमान से धधक रही आग, 42 के पार पहुंचा वाराणसी का तापमान
Last Updated:
UP Weather Today: यूपी में भीषण गर्मी और हीट वेव का कहर जारी है. वाराणसी का तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. मौसम विभाग ने पूर्वी यूपी के 13 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
यूपी में गर्मी का कहर
हाइलाइट्स
- यूपी में अगले 5 दिनों में तापमान 2-4 डिग्री बढ़ेगा
- वार्म नाइट को लेकर 13 जिलों में येलो अलर्ट जारी
- वाराणसी और प्रयागराज में तापमान 42 डिग्री पार
वाराणसी: यूपी में भीषण गर्मी और हीट वेव का कहर जारी है. कई जिलों में अधिमतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है. मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में और उछाल आएगा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा. माना जा रहा है कि अगले 2 दिनों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है.
IMD के मुताबिक, मंगलवार को यूपी के 13 जिलों में दिन के साथ रात भी काफी गर्म होगा. मौसम विभाग ने वार्म नाइट को लेकर पूर्वी यूपी के 13 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. पूर्वानुमान है कि मंगलवार को गाजीपुर, बलिया, आजमगढ़, अंबेडकर नगर, गोरखपुर, देवरिया, बस्ती, संतकबीरनगर, कुशीनगर, महराजगंज, सुल्तानपुर और बलरामपुर में रात भी काफी गर्म होगी. ऐसे में 14, 15 और 16 मई को लेकर भी अलग-अलग जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है.
| शहर | तापमान अधिकतम/न्यूनतम | AQI |
| लखनऊ | 40.9/26.8 | 120 |
| कानपुर | 39.6/23.9 | 107 |
| आगरा | 40.8/28.0 | 73 |
| मेरठ | 38.4/23.8 | 149 |
| वाराणसी | 42.8/27.7 | 48 |
(नोट – यह आंकड़ा सोमवार का है)
वार्म नाइट का अलर्ट भी जारी
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि यूपी में अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होगी. वहीं, कई जिलों में वार्म नाइट को लेकर भी अलर्ट जारी हुआ है. अनुमान है कि अगले 5 दिनों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा.
वाराणसी-प्रयागराज का पारा पहुंचा 42 पार
यूपी में सोमवार को गर्मी का कहर जारी रहा. दिन चढ़ने के साथ तीखी धूप ने हर किसी को सताया तो वहीं, कई जिलों में रात में भी गर्मी लोगों को सताती रही. यूपी में सबसे ज्यादा तापमान वाराणसी में रिकॉर्ड हुआ. यहां अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं, प्रयागराज में भी पारा 42 डिग्री के पार पहुंच गया.